सतना, May 31, 2026

road accident two brothers killed 18 days after marriage
Satna Road Accident: मध्यप्रदेश के सतना से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां शादी के महज 18 दिन बाद ही दो सगी बहनों के सुहाग उजड़ गए। सगी बहनों की शादी दो भाइयों से हुई थी । जिनकी बाइक को सतना-मैहर बायपास पर बस ने टक्कर मार दी और घटना में एक भाई की मौके पर और दूसरे की रीवा ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। हादसे की खबर जब घर पहुंची तो चीख पुकार मच गई। घटना से गुस्साए परिजनों और लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर रोड जाम कर दी।
सतना जिले के चकदही के रहने वाले विवेक यादव (26) अपने छोटे भाई विनय यादव (24) के साथ बाइक से डॉक्टर के पास सतना आ रहे थे। बाइक में उनकी भाभी भी बैठी थी। इसी दौरान सतना-मैहर बायपास स्थित उतैली मोड़ के पास सामने से जा रही अभय ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहा विवेक यादव बस के नीचे आ गया और उसकी वहीं मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे विनय और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। विनय की हालत गंभीरहोने पर उसे रीवा रेफर किया गया लेकिन रीवा ले जाते वक्त रास्ते में ही उसने दम तोड़।
हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि विवेक और विनय यादव का विवाह 12 मई को उचेहरा क्षेत्र के खोखर्रा गांव में दो सगी बहनों के साथ हुआ था। दोनों भाइयों की बारात एक साथ निकली थी। शादी के बाद दोनों नवविवाहित जोड़े भविष्य के सपने संजो रहे थे, लेकिन महज 18 दिन बाद हुए हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं। दोनों भाई गुजरात के सूरत में प्राइवेट नौकरी करते थे। विवाह के लिए एक माह की छु्टटी पर घर आए थे और एक सप्ताह बाद वापस सूरत लौटने की तैयारी में थे। इससे पहले ही घटना घट गई।
पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। शाम करीब पौने 5 बजे दोनों भाइयों के शव लेकर लोग शहर के सेमरिया चौक पहुंचे और बीटीआई कॉलेज के समीप सड़क पर शव रखकर सतना-रीवा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने बसों पर पथराव कर दिया, जिससे तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित शहर के तीनों थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाईश देकर स्थिति को सामान्य कराया। घटना के बाद बस ड्राइवर बस छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।
Published on: 31 May 2026 07:46 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।