29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

समस्तीपुर, May 22, 2026

पति 5 साल से गायब, खेत में प्रेमी से मिलने पहुंची महिला, ग्रामीणों ने प्रेमी जोड़े को वरमाला पहनाई

समस्तीपुर के राधोपुर गांव में ग्रामीणों ने खेत में एक महिला और उसके प्रेमी को पकड़कर दोनों की सहमति से शादी करा दी। महिला का पति 5 साल से लापता है और वह मायके में रह रही थी। इस दौरान उसका प्रेम संबंध युवक से हो गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने पंचायत कर विवाह करा दिया।

samastipur woman caught meeting lover

प्रेमी के साथ महिला

बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के राधोपुर गांव में ग्रामीणों ने एक महिला और युवक को खेत में रंगे हाथों पकड़कर उनकी शादी करा दी। यह मामला उस समय सामने आया जब महिला अपने प्रेमी से मिलने मक्के के खेत में पहुंची थी, जहां पहले से ही नजर रख रहे ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को गांव लाया गया।

गांव में ग्रामीणों और बुजुर्गों की मौजूदगी में आपसी सहमति से दोनों की वरमाला कराई गई और पारंपरिक रीति-रिवाज से उनकी शादी करा दी गई। इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

7 साल की शादी, 5 साल से पति लापता

महिला दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर गांव की रहने वाली है। 30 वर्षीय राधनी की शादी करीब 7 साल पहले राधोपुर गांव के मनीष कुमार से हुई थी। दोनों का एक 5 साल का बेटा भी है। शादी के कुछ साल बाद मनीष रोजी-रोटी के लिए हरियाणा चला गया, जिसके बाद पिछले करीब 5 वर्षों से उसका कोई अता-पता नहीं है और वह घर भी वापस नहीं लौटा है।

वह कभी-कभार अपने माता-पिता से फोन पर बात कर लेता था, लेकिन पत्नी और बेटे से उसका संपर्क पूरी तरह टूट चुका था। पति के लंबे समय से बाहर रहने और संपर्क न होने के कारण राधनी अपने मायके में रहने लगी थी।

छुप-छुपकर मिलते प्रेमी युगल पकड़े गए

इसी क्रम में राधनी की पहचान पास के ही रहने वाले 25 वर्षीय युवक मयंक से हुई। दोनों की दोस्ती पहले जान-पहचान तक सीमित थी, जो धीरे-धीरे बढ़कर मिलने-जुलने में बदल गई। आसपास के लोग दोनों को पहले से जानते थे, इसलिए वे अक्सर छुप-छुपाकर बाहर मिलते थे या मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के जरिए बातचीत करते थे। समय के साथ यह संबंध कब प्रेम में बदल गया, इसका दोनों को भी अंदाजा नहीं लगा।

ग्रामीणों के अनुसार, दोनों अक्सर गांव और बाजार से दूर चोरी-छिपे मिलते थे। बुधवार देर शाम भी राधनी अपने प्रेमी मयंक से मिलने के लिए राधोपुर गांव पहुंची थी, लेकिन इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई। जैसे ही दोनों गांव के बाहर मक्के के खेत में मिले, ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया।

गांववालों ने कराई प्रेमी जोड़े की शादी

मक्के के खेत से दोनों के पकड़े जाने के बाद गुरुवार को गांव के लोगों ने दोनों की शादी करा दी। ग्रामीणों की मौजूदगी में मयंक ने महिला की मांग में सिंदूर भरा और फिर विवाह की अन्य रस्में पूरी की गईं। शादी संपन्न होने के बाद ग्रामीणों ने महिला को उसके पांच वर्षीय बेटे के साथ पूरे रीति-रिवाज से विदा किया। महिला अपने छोटे बच्चे के साथ अपने नए पति के घर चली गई।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें