
Rakesh Singh
Rakesh Singh- मध्यप्रदेश के दो वरिष्ठ मंत्री एक बयान पर आमने सामने आ गए हैं। राज्य के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पीडब्ल्यूडी मंत्री और ठेकेदार के संबंधों पर एक विवादित बयान दिया था। अब प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री राकेश सिंह ने उसका जवाब दिया है। उन्होंने नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के उस विवादित बयान पर चुटकी ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि पिता पीडब्ल्यूडी मंत्री और कपड़े दिला रहा ठेकेदार तो बेटा चरित्रवान कैसे बनेगा। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह बोले कि मेरा तो कोई बेटा ही नहीं है। उन्होंने सागर में पत्रिका से विशेष बातचीत में बताया कि कैलाश विजयवर्गीय ने व्यक्तिगत तौर पर भी मुझे सफाई दी थी।
पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने इससे पहले मुस्कराते हुए बेहद शालीनता से कहा कि बयान कैलाश भैया ने दिया है, तो सवाल उनसे ही करना चाहिए। उनका क्या संदर्भ था, वैसे स्कूल में गिफ्ट की बात है तो मेरा तो कोई बेटा ही नहीं है।
मंत्री राकेश सिंह रविवार को सागर प्रवास पर थे। रुद्राक्ष धाम के आयोजन के बाद दोपहर को वे सर्किट हाउस पहुंचे थे। यहां पत्रिका से बातचीत में उन्होंने कहा कि बयान के वायरल होने के बाद उनकी नगरीय विकास मंत्री से बात हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। एआई के जरिए काट-छांट कर ऐसे प्रस्तुत किया गया।
राज्य के दो मंत्रियों के बीच यह विवाद तब शुरू हुआ जब कैलाश विजयवर्गीय ने एक कार्यक्रम में बच्चों के चरित्र निर्माण पर बोलते हुए विवादित बातें कहीं। एक निजी विश्वविद्यालय में उन्होंने कहा था कि यदि घर का माहौल ठीक न हो, जैसे पिता पीडब्ल्यूडी मंत्री है और ठेकेदार बेटे को कपड़े दिला रहा है, तो संस्कार और चरित्र निर्माण कैसे होगा? उनके इस बयान पर विवाद उठ गया था। सियासी तूफान के बाद नगरीय विकास मंत्री को अपने बयान पर सफाई भी देनी पड़ी थी।
Updated on:
02 Feb 2026 08:19 pm
Published on:
02 Feb 2026 08:16 pm

बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
