सागर, Jun 05, 2026

railway section engineer bribery case cbi remand narayan singh bundela
Sagar Railway Corruption: मध्यप्रदेश के सागर में गुरुवार रात को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ाए रेलवे के सेक्शन इंजीनियर को जबलपुर की सीबीआई टीम ने गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को सीबीआई की टीम ने रिश्वतखोर सेक्शन इंजीनियर को जबलपुर में सीबीआई कोर्ट में पेश किया, सीबीआई ने कोर्ट से पूछताछ के लिए आरोपी की 5 दिन की रिमांड मांगी जिसे स्वीकार करते हुए कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड सीबीआई को दी है। बता दें कि रेलवे का सेक्शन इंजीनियर एक ठेकेदार से सागर के होटल में रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ाया था।
सागर में पदस्थ रेलवे के सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला के खिलाफ एक ठेकेदार ने जबलपुर सीबीआई में शिकायत की थी। अपनी शिकायत में ठेकेदार ने बताया था कि उसने सागर रेलखंड में गिट्टी सप्लाई का काम किया था। काम पूरा होने के बाद जब वो सिक्योरिटी राशि वापस मांगने के लिए सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला के पास पहुंचा तो उन्होंने सिक्योरिटी राशि वापस करने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। रिश्वत की रकम नहीं देने पर सेक्शन इंजीनियर सिक्योरिटी राशि वापस नहीं कर रहा था।
सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार देर रात को फरियादी ठेकेदार को 1 लाख रुपये रिश्वत देने के लिए सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला के पास भेजा। बुंदेला ने सागर के एक होटल में रिश्वत देने के लिए फरियादी को बुलाया। वहां पर पहले से सीबीआई की टीम मौजूद थी और जैसे ही सेक्शन इंजीनियर ने रिश्वत के एक लाख रुपये लिए तो सीबीआई टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी को पकड़ने के बाद सीबीआई टीम उसे जबलपुर लेकर आई थी। यहां दूसरे दिन शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में आरोपी को पेश कर सीबीआई ने पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए आरोपी को पांच दिन की रिमांड पर भेजा।
शुक्रवार को जब सीबीआई की टीम आरोपी सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला को सीबीआई कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर पहुंची तो मीडिया के कैमरों को देखकर आरोपी अपना चेहरा छिपाते नजर आया। बताया गया है कि आरोपी नारायण सिंह बुंदेला के खिलाफ पहले भी विभागीय शिकायतें हो चुकी हैं। अब 5 दिन की रिमांड के दौरान सीबीआई टीम आरोपी से पूछताछ करेगी और पूछताछ में कई और खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Updated on: 05 Jun 2026 07:13 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।