6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP में भाजपा नेता की दर्दनाक मौत, 108 एम्बुलेंस के अंदर स्ट्रेचर से गिरे, मचा बवाल

MP News: सड़क दुर्घटना में घायल हुए भाजपा नेता को एंबुलेंस से अस्पताल लेकर जाते समय स्ट्रेचर पर सुरक्षित नहीं रखा गया। रास्ते में वह फर्श पर गिर गए थे जिससे उनकी मौत हो गई।

2 min read
Google source verification

सागर

image

Akash Dewani

Mar 06, 2026

injured BJP leader dies by negligence of 108 ambulance driver-EMT MP News

BJP leader dies by negligence of 108 ambulance (Patrika.com)

MP News:सागर में 108 एंबुलेंस से घायल भाजपा नेता हनुमत सिंह ठाकुर को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर लापरवाही सामने आई है। एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल लेकर जाते समय स्ट्रेचर पर सुरक्षित नहीं रखा गया। ईएमटी भी उनके पास बैठने के बजाय आगे चालक के साथ बैठ गया। रास्ते में वह फर्श पर गिर गए थे। इससे हालत और बिगड़ गई। सागर में उनकी मौत हो गई थी। इसमें लापरवाही को लेकर परिजन आक्रोशित हो उठे।

इन्होंने चालक और ईएमटी से मारपीट की थी। हनुमत की मौत के बाद परिजन ने थाने का घेराव कर दिया। आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 108 एंबुलेंस के पायलट पुष्पेंद्र अहिरवार, ईएमटी हेमराज पटेल और दुर्घटना के आरोपी बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि घटना की जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मालथौन से सागर रेफर किया

सेमरा गनपत गांव के हनुमत सिंह ठाकुर खिमलासा ग्रामीण मंडल के महामंत्री और आरएसएस संयोजक भी थे। वे 1 मार्च को बाइक से खिमलासा जा रहे थे। मंडी गेट के पास अज्ञात बाइक सवार ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालथौन ले जाया। वहां से बेहतर सुविधाओं के लिए सागर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। परिजन का आरोप है कि सागर पहुंचाते समय एंबुलेंस में उनको स्ट्रेचर पर सुरक्षित नहीं रखा गया था। एंबुलेंस जब अस्पताल पहुंची तो वह उसके फर्श पर खून से लथपथ गिर पड़े।

परिजन साथ में नही थे ईएमटी आगे बैठा रहा

इस दौरान कोई परिजन उनके साथ नहीं था। और ईएमटी भी चालक के साथ आगे बैठ गया था। अस्पताल पहुंचने पर यह दर्दनाक नजारा देख परिजन भड़क उठे और उन्होंने मौके पर ही एंबुलेंस पायलट पुष्पेंद्र और ईएमटी की पिटाई कर दी। बुधवार को इलाज के दौरान हनुमत ने अंतिम सांस ली। मौत की सूचना मिलते ही परिजन शव लेकर खिमलासा थाने पहुंचे और विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय किसान नेता इंदर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिसने जीवन भर पार्टी और संघ की सेवा की, उसके अंतिम समय में कोई बड़ा नेता मौजूद नहीं रहा, जिससे कार्यकर्ताओं में रोष है। (MP News)