
जांच करते हुए
बीना. शहर में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री चोरी-छिपे लगातार हो रही है। खतरनाक मांझे पर पूर्ण रूप से रोक लगाए जाने के बाद भी बाजारों में यह उपलब्ध हो रहा है। मकर संक्रांति पर पतंगबाजी को लेकर मांग और बढ़ गई है और दुकानदारों ने पहले से ही इसका स्टॉक कर लिया था। पुलिस द्वारा दुकानों पर जांच भी की जा रही है।
चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक माना जाता है, इसमें कांच और रसायनों की मिलावट होने के कारण यह इंसानों, पशु-पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। पिछले कुछ दिनों में अलग-अलग शहरों से घटनाएं सामने भी आ चुकी हैं और इसको लेकर प्रशासन और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, लेकिन फिर भी बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है। शहर की दुकानों पर दुकानदार चोरी-छिपे मांझा बेच रहे हैं, जिससे पतंग इसकी डोर बनाकर उड़ाई जा रही हैं। यह मांझा दोपहिया वाहन चालकों, पक्षियों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन रहा है, क्योंकि सडक़ पर उड़ता हुआ मांझा दिखाई नहीं देता और अचानक गले या चेहरे पर लग जाता है, जिससे गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं।
छिपाकर रखा है मांझा
शहर की दुकानों पर बिक रहे मांझा को लेकर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश हैं, जिससे दुकानदारों ने इसे छिपाकर रखा है और बच्चों को ही यह मांझा देते हैं। कुछ दुकानदार ऐसे भी हैं, जिन्होंने कार्रवाई के डर से मांझा बेचना बंद कर दिया है। लोगों का कहना है जिस किसी दुकानदार के पास मांझा मिले उस पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए, जिससे इस पर रोक लग सके।
करा रहे हैं जांच
बीना क्षेत्र में अभी तक चाइनीज मांझा से कोई घटना नहीं हुई है और पतंग बेचने वालों के यहां जांच भी कराई जा रही है, जिसमें प्रतिबंधित मांझा नहीं मिला है। मांझा मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस संंबंध में लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।
अनूप यादव, थाना प्रभारी, बीना
Published on:
15 Jan 2026 12:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसागर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
