सागर, Jan 17, 2026

19 जनवरी को है वोटिंग, रोड शो के दौरान करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी, पुलिस को संभालना पड़ा मोर्चा
सागर/देवरी. देवरी नगरपालिका के खाली कुर्सी-भरी कुर्सी के चुनाव प्रचार में जाना फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे को भारी पड़ गया। शुक्रवार को वे भरी कुर्सी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए सागर के देवरी पहुंची थी, जहां रोड शो के दौरान करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर विरोध किया। रोड शो के दौरान करणी सेना ने अंकिता लोखंडे को काले झंडे दिखाए और जमकर नारेबाजी की। विवादित स्थिति को देखते हुए देवरी पुलिस ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को रोड शो से पीछे धकेला।
करणी सेना के देवरी अध्यक्ष कुलदीप राजपूत ने आरोप लगाया कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की हत्या में कहीं न कहीं फिल्म अभिनेत्री अंकिता लोखंडे की भूमिका संदिग्ध थी। वे सुशांत सिंह के साथ पांच साल लिव इन रिलेशनशिप में रहीं। इसलिए उनके देवरी आने पर करणी सेना ने विरोध किया है। इस विरोध में देवरी के किसी भी प्रत्याशी या दल का विरोध नहीं है।
देवरी में खाली कुर्सी-भरी कुर्सी के 19 जनवरी को मतदान किया जाएगा, जिसके लिए अब कुछ दिन का समय ही शेष रह गया है। ऐसे में शुक्रवार को दोनों ही पक्षों की ओर से रोड शो का आयोजन किया गया।
Published on: 17 Jan 2026 07:16 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।