गोस्वामी तुलसीदास व प्रेमचंद जयंती मनाई
सागर . शासकीय कला व वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय में शुक्रवार को प्रसिद्ध कथाकार मुंशी प्रेमचंद और महाकवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई गई। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि साहित्यकार अपने देश की अनुभूति, आंख, कान और हृदय होता है। मुंशी प्रेमचंद ने लिखा है कि हमारी कसौटी पर वही साहित्य खरा उतरेगा जिसमें सृजन की आत्मा हो और जीवन की सच्चाईयो का प्रकाश हो। संचालन कर रही डॉ. राना कुंजर सिंह ने महाकवि तुलसीदास के व्यक्तित्व और कृतित्व तथा मुंशी प्रेमचंद की कठिन जीवन यात्रा और साहित्यिक कृतियों पर प्रकाश डाला। स्वामी विवेकानंद कैरियर योजना प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ प्रतिभा जैन ने बताया कि इस प्रकोष्ठ का उद्देश्य बच्चों में अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण एवं प्रतिबद्धता के भाव विकसित करना है। शोधार्थी रूपल दुबे ने रामचरितमानस की विभिन्न चौपाइयों का संदर्भ देते हुए पश्चिमी सांस्कृतिक मूल्यों को त्यागने का संदेश दिया। आयुषी रैकवार ने तुलसीदास के विभिन्न दोहों की चर्चा की।
Published on:
01 Aug 2025 10:38 pm