
Heavy rains in Ratlam, Mandsaur and other places in MP- Demo Image
MP Weather- मध्यप्रदेश का मौसम बदल गया है। मंगलवार को कई जगहों पर जोरदार बरसात हुई। मावठे की यह बारिश कुछ स्थानों पर फसल के लिए वरदान साबित हो सकती है पर कुछ जगहों पर यह नुकसानदायक सिद्ध हुई है। जिन जगहों पर जोरदार बरसात हुई वहीं खेतों में खड़ी गेहूं की फसल आड़ी पड़ गई है। इससे किसानों को खासा नुकसान होगा। मध्यप्रदेश के रतलाम जिला मुख्यालय पर गरज चमक के साथ बारिश हुई। इससे मंडी परिसर में किसानों के साथ व्यापारी भी परेशान होते रहे। इधर ढिकवा, आलोट आदि जगहों पर भी पानी गिरा। मंदसौर जिले में भी मावठा गिरने की खबर है।
रतलाम में बिजली की जोरदार गरज और चमक के साथ बारिश की शुरुआत हुई। झमाझम बरसात से मंडी परिसर में दिक्कत देखी गई। पानी गिरने से फसल की सुरक्षा के लिए किसानों के साथ व्यापारी भी परेशान होते रहे।
रतलाम शहर में सुबह से बादल छाए रहे। दोपहर में बूंदाबांदी शुरु हुई और करीब 2 बजे के बाद तेज बारिश शुरु हो गई।
मौसम खराब होने के बावजूद मंगलवार को किसानों के द्वारा लाई गई उपज के खुले परिसर में ही ढेर लगवा दिए गए थे। बारिश शुरु होने से लहसुन, प्याज के खराब होने की आंशका बढ़ गई। गिरते पानी में ही किसान और व्यापारी प्लास्टिक के पालिये आदि से उपज को बचाने की कोशिश करते नजर आए।
रतलाम के कुछ गांवों में भी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इधर ढिकवा, रियावन के झांतला, आलोट आदि स्थानों पर भी मावठे की बारिश हुई। ढिकवा में तेज बारिश के बाद गेहूं की फसल आड़ी पड़ गई जिससे किसान परेशान हो उठे हैं। बारिश के बाद ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने किसानों के साथ मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त फसल का जायजा लिया।
Updated on:
27 Jan 2026 03:12 pm
Published on:
27 Jan 2026 02:58 pm
बड़ी खबरें
View Allरतलाम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
