17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जेल में बिगड़ी आजम खान की तबीयत, तंजीन फातिमा और यूसुफ मलिक ने जताई चिंता, मीडिया से बनाई दूरी

Rampur News: रामपुर जिला कारागार में बंद आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम खान से सोमवार दोपहर करीब तीन बजे मुलाकात हुई।

2 min read
Google source verification
azam khan rampur jail meeting sp 2027

जेल में बिगड़ी आजम खान की तबीयत | Image - FB/@AbdullahAzamKhan

Azam Khan Rampur Jail: रामपुर जिला कारागार में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से सोमवार दोपहर करीब तीन बजे मुलाकात हुई। इस दौरान सपा नेता यूसुफ मलिक और आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा जेल पहुंचे। जेल प्रशासन की औपचारिकताओं के बाद दोनों नेताओं को मुलाकात की अनुमति दी गई।

मुलाकात के बाद मीडिया से दूरी

जेल से बाहर आने के बाद तंजीन फातिमा मीडिया से बातचीत किए बिना सीधे अपने आवास के लिए रवाना हो गईं। उनके इस रुख को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। माना जा रहा है कि जेल के भीतर आजम खान की स्थिति को देखकर वे भावुक हो गई थीं। वहीं, समर्थकों का कहना है कि परिवार इस समय किसी भी तरह की अनावश्यक राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहता है और प्राथमिकता केवल आजम खान के स्वास्थ्य पर है।

आजम खान की तबीयत पर चिंता

सपा नेता यूसुफ मलिक ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि आजम खान की तबीयत जेल में ठीक नहीं है और वे अस्वस्थ चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उन्हें बेहतर चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत है। मलिक ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में विपक्षी नेताओं को मानवीय सुविधाएं भी मुश्किल से मिल पाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान को पर्याप्त इलाज और सुविधाएं नहीं दी जा रहीं, जिससे उनकी सेहत लगातार प्रभावित हो रही है।

सरकार पर सीधा हमला

यूसुफ मलिक ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह से विपक्षी नेताओं के साथ व्यवहार किया जा रहा है, वह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत आजम खान को जेल में रखा गया है और उनके स्वास्थ्य की अनदेखी की जा रही है। मलिक ने यह भी कहा कि सरकार अगर वास्तव में संवेदनशील है तो उसे आजम खान को बेहतर इलाज और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।

सपा में नसीमुद्दीन की एंट्री पर बयान

हाल ही में नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समाजवादी पार्टी में शामिल होने और आजम खान की तारीफ किए जाने के सवाल पर यूसुफ मलिक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एक “सुपर एक्सप्रेस” की तरह है, जिसमें कोई भी सफर कर सकता है। मलिक ने आजम खान को कद्दावर नेता बताते हुए कहा कि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि कोई आजम खान की जगह ले सकता है, तो वह स्वयं आजम खान ही हैं।

2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा

आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर यूसुफ मलिक ने बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर हाल में सरकार बनाएगी और प्रदेश में बदलाव की नई शुरुआत होगी। मलिक ने भरोसा जताया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर प्रदेश की बिगड़ी व्यवस्थाओं को सुधारेंगे।