रायपुर, May 30, 2026

थाना प्रभारी सस्पेंड ( Photo - Patrika )
Raipur News: अवैध शराब कारोबार पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ( Chhattisgarh News) बताया जा रहा है कि नशे के खिलाफ प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम रहने और संदिग्ध आचरण प्रदर्शित करने के आरोप में यह कार्रवाई हुई है। इस संबंध में आदेश जारी किया।
गोबरा नवापारा थाना प्रभारी के निलंबन के बाद नगर में अवैध गतिविधियों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री का मामला किसी एक व्यक्ति या स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर और आसपास के क्षेत्रों में कई ढाबों, डेली नीड्स दुकानों, ठेलों तथा विभिन्न वार्डों में खुलेआम शराब, सट्टा और गांजा का कारोबार संचालित होने की शिकायतें लंबे समय से मिलती रही हैं।
नगरवासियों का आरोप है कि इन अवैध कारोबारों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई तो होती है, लेकिन स्थायी रोक नहीं लग पाती। लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि कुछ प्रभावशाली लोगों और राजनीतिक संरक्षण के कारण कई अवैध धंधे बेखौफ संचालित होते रहते हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि नगर में इतने व्यापक स्तर पर अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं तो इनके खिलाफ राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की ओर से अपेक्षित मुखर विरोध क्यों दिखाई नहीं देता। आम नागरिकों का मानना है कि केवल एक अधिकारी के निलंबन से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच और लगातार कार्रवाई की आवश्यकता है। नवापारा में अवैध कारोबार पर कार्रवाई की शुरुआत तो हुई, लेकिन जनता पूछ रही है— आखिर पूरे नेटवर्क पर कब चलेगा बुलडोजर और कौन-कौन हैं इसके संरक्षक?
Updated on: 30 May 2026 01:16 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।