रायपुर, May 31, 2026

देवभोग दूध हुआ महंगा (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Milk Price Hike: छत्तीसगढ़ में महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की जेब पर असर डाला है। पेट्रोल-डीजल और खाद्य वस्तुओं के बाद अब दूध भी महंगा हो गया है। नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के तहत संचालित देवभोग ब्रांड ने दूध और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को प्रति लीटर दूध के लिए पहले से अधिक भुगतान करना होगा।
देवभोग के सामान्य दूध की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पहले 57 रुपये प्रति लीटर में मिलने वाला दूध अब 59 रुपये प्रति लीटर में उपलब्ध होगा। वहीं गोरस दूध की कीमत बढ़कर 58 रुपये प्रति लीटर हो गई है। नए रेट लागू होने के बाद नियमित रूप से दूध खरीदने वाले परिवारों का मासिक खर्च बढ़ सकता है।
बाजार में मौजूद कई निजी डेयरी कंपनियां पहले ही अपने दूध के दाम बढ़ा चुकी हैं। अब देवभोग द्वारा भी कीमतों में संशोधन किए जाने के बाद उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
डेयरी क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक उत्पादन लागत में बढ़ोतरी और परिवहन खर्च बढ़ने के कारण कीमतों में संशोधन किया गया है। पशु आहार, बिजली, डीजल और पैकेजिंग सामग्री की बढ़ती लागत से डेयरी कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा था। इसी के चलते NDDB ने दूध और अन्य डेयरी उत्पादों के दाम बढ़ाने का निर्णय लिया है।
दूध हर घर की दैनिक जरूरतों में शामिल है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक अधिकांश परिवार नियमित रूप से दूध का उपयोग करते हैं। ऐसे में कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी घरेलू खर्च को प्रभावित कर सकती है। नई दरें राज्य के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लागू कर दी गई हैं।
Updated on: 31 May 2026 05:24 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।