रायपुर, Jun 02, 2026

पार्षद पर राशन दुकान आवंटन में नियमों के उल्लंघन का आरोप
chhattisgarh Ration Shop: गोबरा नवापारा नगर की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब स्थानीय पार्षद अर्जुन साहू ने ( Chhattisgarh News ) विपक्ष दल के एक पार्षद पर शासकीय उचित मूल्य दुकान (राशन दुकान) के आवंटन में नियमों के उल्लंघन और पद के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया।
दावा किया है कि संबंधित पार्षद ने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर अपने ही नियंत्रण वाले गुनगुन महिला स्व-सहायता समूह के नाम पर राशन दुकान क्रमांक 4411003009 का आवंटन कराया है तथा वर्तमान में स्वयं समूह के अध्यक्ष रहते हुए अपने घर से दुकान का संचालन करा रहे हैं। आरोप है कि दुकान में उनके पति को सेल्समैन नियुक्त कर संचालन किया जा रहा है।
पार्षद अर्जुन साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह मामला सीधे तौर पर हितों के टकराव (कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा करता है। उनका कहना है कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा अपने प्रभाव का उपयोग कर स्वयं के नियंत्रण वाले समूह को लाभ पहुंचाना न केवल अनैतिक है, बल्कि शासन की मंशा के भी विपरीत है।
Ration shop: साहू ने आरोप लगाया कि इस आवंटन से उन वास्तविक और जरूरतमंद महिला स्व-सहायता समूहों के अधिकार प्रभावित हुए हैं, जो लंबे समय से नियमानुसार राशन दुकान संचालन की पात्रता रखते थे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे मामले में खाद्य विभाग और स्थानीय प्रशासन की भूमिका संदेह के घेरे में है, क्योंकि कथित अनियमितताओं के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पार्षद अर्जुन साहू ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की, तो वे वार्डवासियों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों से राशन दुकान के आवंटन की जांच कराने, कथित अनियमित आवंटन को निरस्त करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। राशन दुकान आवंटन को लेकर उठे सवालों ने नगर की राजनीति गरमा दी है, अब सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।
Updated on: 02 Jun 2026 01:53 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।