रायपुर, May 28, 2026

Heatwave Alert(photo-patrika)
Heatwave Alert: छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में हीटवेव जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और तेज हवाओं से मामूली राहत जरूर मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में 28 मई को हीटवेव चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रह सकता है। भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।
प्रदेश के मध्य इलाकों में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दुर्ग का तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं कबीरधाम में 44 डिग्री, बेमेतरा में 43.8 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 43.7 डिग्री और रायपुर में 43.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
भीषण गर्मी के बीच बुधवार को कुछ इलाकों में मौसम ने करवट भी ली। रायपुर समेत कई जिलों में तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी खबरें सामने आईं। कहीं केवल बूंदाबांदी हुई तो कई इलाकों में तेज हवाएं चलने के बावजूद बारिश नहीं हुई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन उमस बढ़ने से परेशानी भी महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से आ रही हल्की नमी के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी वजह से कुछ इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश की स्थिति बनी। हालांकि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिनों बाद प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
Published on: 28 May 2026 11:36 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।