
महाराष्ट्र मंडल में महिला दिवस पर सेवाभावी नर्सों का सम्मान (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG News: रायपुर @ ताबीर हुसैन। महाराष्ट्र मंडल और पत्रिका के तत्वाधान में मंडल के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजधानी की सेवाभावी 20 नर्सों को उनके समर्पण और सेवा कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नारी शक्ति की भूमिका और समाज में महिलाओं के योगदान पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में पत्रिका के राज्य संपादक गोविंद ठाकरे ने कहा कि नारी को केवल देह के रूप में नहीं बल्कि समाज और परिवार की धुरी के रूप में समझने की जरूरत है। मां, बहन और बेटी के रूप में महिला पूरे परिवार को संभालती है और समाज को दिशा देती है। उन्होंने कहा कि इतिहास में भी नारी शक्ति ने हर कठिन दौर में साहस, त्याग और नेतृत्व का परिचय दिया है और आज भी उसकी भूमिका उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर को नमन करते हुए कहा कि मराठी समाज की नारी शक्ति की गाथाएं देश के इतिहास में गौरव के साथ दर्ज हैं। समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का योगदान हमेशा प्रेरणादायी रहा है।
ठाकरे ने पत्रिका के संस्थापक कर्पूर चंद्र कुलिश का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रिका की स्थापना करीब 70 साल पहले केवल 500 रुपए से हुई थी, लेकिन जनहित और नैतिक पत्रकारिता की सोच ने इसे आज एक मजबूत संस्थान बना दिया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर प्रकाशित करना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक प्रभाव और बदलाव लाना होना चाहिए।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, महिला विंग अध्यक्ष विशाखा तोपखाने और ऑब्जर्वर रविन्द्र थिंगडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में सम्मानित नर्सों के कार्यों की सराहना की गई और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
Updated on:
14 Mar 2026 06:21 pm
Published on:
14 Mar 2026 05:33 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
