10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG Crime News: जमीन विवाद में तलवार और डंडे से हमला, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार

CG Crime News: रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कापू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

2 min read
Google source verification
CG Crime News: जमीन विवाद में तलवार और डंडे से हमला, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार(photo-patrika)

CG Crime News: जमीन विवाद में तलवार और डंडे से हमला, लंबे समय से फरार आरोपी गिरफ्तार(photo-patrika)

CG Crime News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत कापू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जमीन विवाद में मारपीट की घटना के बाद लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी उमेश कुमार नट (48) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी कण्ड्रजा गांव का रहने वाला है।

CG Crime News: जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद

मामले में 10 नवंबर 2025 को थाना कापू में प्रार्थी बाबू सिंह उर्फ नान्हू उर्फ पप्पू नट निवासी ग्राम कण्ड्रजा विजयनगर पटनापारा ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार प्रार्थी की पत्नी और मां के नाम पर दर्ज जमीन खसरा नंबर 3571/2 रकबा 0.210 हेक्टेयर को लेकर आरोपी उमेश कुमार नट के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।

घर में घुसकर किया हमला

घटना के दिन प्रार्थी खेत की जोताई कर घर लौट रहा था, तभी आरोपी उमेश कुमार नट अपने साथियों विशाल सिंह, जयपाल सिंह और प्रेम सिंह नट के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उमेश नट तलवार लहराते हुए जबरन प्रार्थी के घर में घुस गया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर प्रार्थी और उसके परिजनों के साथ हाथ-मुक्कों, डंडे और तलवार से मारपीट की।

कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कापू में अपराध क्रमांक 190/2025 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 333, 117(2), 118(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें मिथुन सिंह नट को गंभीर चोटें पाई गईं, जिसके बाद प्रकरण में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी गईं।

तीन आरोपी पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपी उमेश कुमार नट घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। थाना प्रभारी कापू उपनिरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपनी बेटी की सगाई के कारण गांव लौटा है और घर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

कई राज्यों में अपराध करने की आशंका

पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के शहडोल और छत्तीसगढ़ के महासमुंद क्षेत्र में चोरी और उठाईगिरी की वारदातों में संलिप्त होने की जानकारी दी है। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल कापू पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।