29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रतापगढ़, May 17, 2026

Rajasthan Accident: ट्रेलर की टक्कर से 30 फीट दूर जाकर गिरे, पलभर में 3 युवकों की मौत; मचा कोहराम

Pratapgarh Road Accident: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर सेवरा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।

Pratapgarh Road Accident

प्रतापगढ़ जिले में भीषण सड़क हादसा। फोटो: पत्रिका

प्रतापगढ़। राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के धमोतर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-56 पर सेवरा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक बाइक को ओवरटेक करने के दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रेलर ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवक करीब 30 फीट दूर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर रात करीब 8:40 बजे धमोतर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। धमोतर थानाधिकारी घीसूलाल ने बताया कि घटनास्थल पर दो क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें और तीन युवक मृत अवस्था में पड़े मिले। गंभीर सिर की चोटों के कारण मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर पहचान कर परिजनों से संपर्क किया।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में मृतकों की पहचान अब्बास (25) पुत्र मुराद खां मेवाती निवासी मेवातियों का खेड़ा, थाना रेलमगरा जिला राजसमंद, हिकलाल (35) पुत्र हसन खां निवासी मेवातियों का खेड़ा थाना रेलमगरा जिला राजसमंद तथा राजेश (35) पुत्र हकरू मीणा निवासी पिपलीखेड़ा थाना धमोतर जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार अब्बास और हिकलाल रोजगार की तलाश में प्रतापगढ़ आ रहे थे। वहीं राजेश अपने ससुराल से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

5 बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया

जानकारी के मुताबिक राजेश शनिवार को सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने ससुराल गया था। देर रात वह ससुराल से लौट रहा था, तभी सड़क हादसा हो गया। उसके 5 बेटी और और एक बेटा है। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। प​त्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने परिवार में इकलौता कमाने वाला था। लेकिन, अब उसकी मौत से 5 बेटियों और एक बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया।

हाईवे पर यातायात प्रभावित

तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां परिजनों को बुलाकर पहचान करवाई गई। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई। घटना की सूचना पर धमोतर पुलिस के साथ डीएसटी टीम और छोटीसादड़ी सीओ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें