पीलीभीत, May 29, 2026

पीलीभीत में बीजेपी नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, PC- X
पीलीभीत(BJP leader brother killed) : पीलीभीत की बिलसंडा नगर पंचायत के अध्यक्ष और भाजपा नेता डीके गुप्ता के चचेरे भाई पप्पू गुप्ता की गुरुवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पप्पू अपने पड़ोसी और दोस्त को मारपीट से बचाने पहुंचे थे, तभी हमलावरों में से एक ने उनके सीने में तमंचे से गोली दाग दी।
घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के वमरौली तिराहे की है। गोली लगने के बाद पप्पू सड़क पर गिर पड़े और करीब 15 मिनट तक तड़पते रहे। आसपास मौजूद लोग वीडियो बनाने में लगे रहे, लेकिन किसी ने उनकी मदद नहीं की। बाद में परिवारवालों ने पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पंकज कटियार बिलसंडा कस्बे में साइकिल का कारोबार करते हैं। उनकी पत्नी शीतल से लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। दिसंबर 2023 में हुई शादी के बाद शीतल ने पंकज के खिलाफ दहेज और प्रताड़ना का मुकदमा भी दर्ज कराया था। शीतल शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र के मुकरमपुर गांव की रहने वाली है।
गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे शीतल के पिता रामनाथ कृपाल, विमल, रितेश समेत अन्य रिश्तेदार दो बाइकों पर सवार होकर बिलसंडा पहुंचे। उन्होंने पंकज के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट पर उतर आए। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
पंकज और पप्पू गुप्ता करीबी दोस्त थे तथा दोनों की दुकानें बिलकुल पास-पास थीं। मारपीट की खबर सुनते ही पप्पू मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पंकज को दुकान से खींचकर पीटना शुरू कर दिया। पप्पू बीच-बचाव करने लगे और एक हमलावर को पीछे से पकड़कर अलग ले जा रहे थे। इसी दौरान उस हमलावर ने तमंचा निकालकर पप्पू के सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई। वारदात के तुरंत बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
एसपी सुकीर्ति माधव ने मामले को गंभीरता से लिया है। हमलावरों की धर-पकड़ के लिए एसओजी, क्राइम ब्रांच, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की पांच अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं। कस्बे में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
भाजपा नेता डीके गुप्ता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पप्पू गुप्ता अपनी पत्नी अनीता और चार बच्चों के पीछे छोड़ गए हैं। परिजन हमलावरों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में तेजी से काम कर रही है।
Published on: 29 May 2026 10:36 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।