6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video: नीतीश के सामने छलके विधायक-मंत्री के आंसू, राज्य सभा जाने के फैसले पर भावुक हुई जेडीयू

Bihar Politics: नीतीश कुमार ने शुक्रवार को जदयू विधानमंडल दल की बैठक में जैसे ही राज्यसभा जाने की बात साझा की, वहां मौजूद सभी विधायक और मंत्री भावुक हो गए।

2 min read
Google source verification

जदयू विधानमंडल दल की बैठक में नीतीश कुमार, संजय झा और ललन सिंह

Bihar Politics: मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार शाम आयोजित जदयू विधानमंडल दल की बैठक में जैसे ही नीतीश कुमार ने राज्य सभा जाने की घोषणा की, बैठक में मौजूद मंत्री और विधायक भावुक हो गए। कई नेताओं की आंखों से आंसू छलक पड़े। इसके बाद नीतीश कुमार ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वे अपने कार्यकर्ताओं से हमेशा जुड़े रहेंगे और आगे भी उनका मार्गदर्शन करते रहेंगे। बैठक के बाद जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी।

जदयू कार्यकर्ता और नेता मायूस

नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने के बाद से जदयू के कार्यकर्ता और नेता मायूस नजर आ रहे हैं। वे नीतीश कुमार से कुछ दिन और बिहार की सेवा करने का आग्रह कर रहे थे। इसकी झलक शुक्रवार को पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री आवास पर जदयू विधानमंडल दल की अहम बैठक बुलाई गई थी, जिसमें पार्टी के सभी विधायक, सांसद, एमएलसी और मंत्री मौजूद थे।

मैं हूं ना, किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं

बैठक के दौरान जैसे ही नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने की जानकारी साझा की, वहां मौजूद नेता भावुक हो गए। इसके बाद नीतीश कुमार ने अपने मंत्री और विधायकों को भरोसा दिलाते हुए कहा, “मैं हूं ना, किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है। जहां भी रहूंगा, वहीं से विकास और सरकार से जुड़े कार्यों पर नजर रखूंगा और आपकी समस्याओं का समाधान करता रहूंगा।” उनके इस आश्वासन के बाद बैठक का माहौल कुछ सामान्य हुआ।

मेरी इच्छा थी इसलिए जा रहा हूं

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जदयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बैठक नीतीश कुमार के निर्देश पर ही बुलाई गई थी। बैठक में नीतीश कुमार ने सभी नेताओं से कहा कि वे उन्हें छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं, बल्कि आगे भी उनके बीच ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्यसभा जाने की उनकी इच्छा थी, इसलिए उन्होंने नामांकन किया है। साथ ही बैठक में निशांत कुमार के राजनीति में आने को लेकर भी सहमति बनी।

सक्रिय राजनीति में आयेंगे निशांत

श्रवण कुमार ने कहा कि बैठक में निशांत कुमार के सक्रिय राजनीति में आने पर भी सहमति बन गई है। उन्होंने बताया कि निशांत कुमार शनिवार को जदयू की सदस्यता लेंगे और आने वाले दिनों में बिहार का दौरा भी करेंगे।