
पीएम किसान सम्मान निधि (फोटो-पत्रिका)
PM किसान सम्मान निधि योजना (पीएम किसान) की 22वीं किस्त 13 मार्च 2026 को किसानों के खातों में आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम से इस किस्त की राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने बुधवार को बताया कि राज्य के 73.34 लाख से अधिक पात्र किसानों के खातों में पीएम किसान योजना की राशि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये की राशि दी जाती है।
इस बीच यह चर्चा थी कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्त के साथ-साथ बिहार सरकार की ओर से कर्पूरी ठाकुर सम्मान निधि के तहत 1000 रुपये भी किसानों के खातों में भेजे जाएंगे। हालांकि, बिहार सरकार की ओर से यह राशि नहीं भेजी जाएगी। यानी 13 मार्च (शुक्रवार) को किसानों के खातों में 3000 रुपये नहीं, बल्कि केवल 2000 रुपये ही आएंगे।
कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में किसानों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जाती है। इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलता है।
उन्होंने कहा कि बिहार के किसानों को इस योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार की ओर से किसानों का व्यापक स्तर पर पंजीकरण कराया जा रहा है। साथ ही आधार सत्यापन और बैंक खातों को एनपीसीआई से लिंक करने का काम भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि योजना की राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंच सके।
पीएम किसान योजना की तर्ज पर बिहार सरकार ने राज्य में जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना शुरू की है। इसके तहत बिहार सरकार ने किसानों को प्रति वर्ष 3,000 रुपये देने की घोषणा की है।
पीएम किसान योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये दिए जाते हैं, जबकि बिहार सरकार की ओर से दिए जाने वाले 3,000 रुपये इसके अतिरिक्त हैं।
बिहार सरकार की ओर से पहले कहा गया था कि आगामी पीएम किसान किस्त के साथ ही कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि की राशि भी किसानों के खातों में भेजी जाएगी। ऐसे में किसानों को उम्मीद थी कि 22वीं किस्त में उन्हें 2-2 हजार रुपये के बजाय 3-3 हजार रुपये मिलेंगे।
हालांकि, बिहार सरकार की ओर से फिलहाल जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना की राशि जारी नहीं की जा रही है। ऐसे में शुक्रवार को आने वाली किस्त में किसानों को पीएम किसान योजना के तहत सिर्फ 2-2 हजार रुपये ही मिलेंगे।
Updated on:
11 Mar 2026 09:45 pm
Published on:
11 Mar 2026 09:42 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
