पटना, Jun 05, 2026

पटना के फेमस शिक्षक खान सर (फोटो- वीडियो ग्रैब)
कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, हंगामा और तोड़फोड़ के मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर पटना पुलिस ने खान सर से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनमें दो लोग उनके सुरक्षा गार्ड बताए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में दोनों गार्ड कोचिंग सेंटर के बाहर हथियार में गोली लोड करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति उनके पास खड़ा नजर आ रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ से जो इनपुट मिले हैं उसकी जांच चल रही है। साथ ही, वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले को खान सर के उस बयान से भी जोड़कर देख रही है, जिसमें उन्होंने कोचिंग सेंटर के बाहर 8-10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने इस बयान से इनकार कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने खान सर की शिकायत पर ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अब रौशन आनंद के समर्थक उनकी रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
दरअसल, यह पूरा विवाद बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा का परिणाम आने के बाद शुरू हुआ। दोनों कोचिंग संस्थानों ने सफल अभ्यर्थियों का श्रेय लेने के लिए बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगाए। खान सर के संस्थान में इस सफलता को लेकर एक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। आरोप है कि खान सर के समर्थकों ने इसका पोस्टर ज्ञान बिंदु के बोर्ड पर लगा दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
बताया जाता है कि इसी विवाद को लेकर ज्ञान बिंदु से जुड़े कुछ लोगों ने खान सर के एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की, जिसमें वह घायल हो गया। इस घटना से जुड़े वायरल वीडियो में कुछ लोग खान सर के कोचिंग संस्थान पर पथराव करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
वहीं, खान सर ने पत्रकारों के सामने कोचिंग संस्थान पर 8-10 राउंड फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया था। उन्होंने इसके लिए ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कथित तौर पर खान सर के कुछ लोग हथियार में गोली लोड करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और कई सवाल खड़े होने लगे हैं। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर खान सर ने मंगलवार की रात को फायरिंग की अफवाह क्यों फैलाई? खान सर ने क्यों कहा उनके सामने 8 10 राउंड फायरिंग हुई ? ऐसा कर के क्या वे पूरे मामले को गंभीर बनाना चाहते थे? गार्ड की गोली चलाने पर उनके द्वारा अब जो आत्मरक्षा की दलील दी जा रही, वह बात पहले क्यों नहीं बताई? खान सर ने पुलिस को क्यों नहीं यह बताया कि उनके गार्ड ने भी हवाई फायरिंग की थी?
अब यह जांच का विषय बन गया है कि घटनाक्रम के पीछे वास्तविक तथ्य क्या हैं। पटना पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे खान सर की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं।
Updated on: 05 Jun 2026 09:42 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।