10 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘गड़बड़ किए तो पत्नी को CM बना दिए…’ नीतीश का लालू परिवार पर हमला; 1 करोड़ नौकरी और दोगुनी आय का किया वादा

Nitish Kumar Samriddhi Yatra: नीतीश कुमार एक बार फिर अपनी समृद्धि यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने सुपौल की धरती से अपने 20 साल के शासन का हिसाब दिया और बिहार के लिए अगले पांच साल का रोडमैप भी पेश किया। उन्होंने लालू-राबड़ी शासन पर हमला भी किया। 

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 10, 2026

Nitish Kumar Samriddhi Yatra, नीतीश कुमार, बिहार न्यूज

समृद्धि यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते नीतीश कुमार (फोटो- वीडियो ग्रैब)

Nitish Kumar Samriddhi Yatra: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपनी समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत की। मंगलवार को सुपौल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने अगले पांच साल के लिए बिहार सरकार का विजन पेश किया, साथ ही साथ RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर तीखा हमला भी किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'जब वो (लालू यादव) खुद गड़बड़ किए और जेल जाने की नौबत आई, तो अपनी पत्नी (राबड़ी देवी) को मुख्यमंत्री बना दिया। उन लोगों ने किसी के लिए कुछ नहीं किया, बस परिवार को आगे बढ़ाया।'

2005 से पहले के बिहार की दिलाई याद

नीतीश कुमार ने 2005 से पहले के बिहार की याद दिलाई। लालू यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार में कोई विकास नहीं हुआ। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट थी। लोग शाम ढलने के बाद अपने घरों से निकलने से डरते थे और राज्य में क्राइम बहुत ज्यादा था। हत्या, लूट और डकैती आम बात थी। हम आए और कानून का राज स्थापित किया।

साम्प्रदायिक सौहार्द का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने क्राइम और सांप्रदायिक दंगों के मुद्दे पर विपक्ष की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि पहले हिंदू-मुस्लिम झगड़े भड़काए जाते थे, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद 2006 में कब्रिस्तानों की फेंसिंग शुरू हुई, जिससे झगड़े और गैर-कानूनी कब्जों की समस्या खत्म हो गई। इसके बाद, 2016 में हिंदू मंदिरों की भी फेंसिंग करने का फैसला लिया गया, जिससे धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पक्की हुई।

अगले पांच साल में एक करोड़ नौकरियां

नीतीश कुमार ने जनसभा में मौजूद लोगों के सामने बिहार के भविष्य का रोडमैप पेश किया। उन्होंने अगले पांच साल के लिए कई बड़े ऐलान किए। मुख्यमंत्री ने वादा किया कि अगले पांच साल में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार के मौके दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

महिलाओं को आर्थिक मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। महिलाओं को पुलिस में 35 परसेंट रिजर्वेशन दिया गया है और सरकारी नौकरियों में भी उन्हें आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के जरिए लाखों महिलाओं को रोजगार से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।

इंडस्ट्री और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अगले पांच सालों में बिहार में इंडस्ट्री को बढ़ावा दिया जाएगा। नई इंडस्ट्री लगाने के लिए जमीन और अनुदान की व्यवस्था की जा रही है। पुरानी, ​​बंद मिलों को फिर से शुरू करने की भी योजनाएं चल रही हैं। इसके अलावा, अगले पांच सालों में राज्य की प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। पांच नए एक्सप्रेसवे बनाने और ग्रामीण सड़कों को बेहतर करने पर भी जोर दिया जाएगा।

नीतीश कुमार ने की पीएम की सराहना

नीतीश कुमार ने बिहार के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि जुलाई 2024 के विशेष आर्थिक बजट से बिहार को बड़ी ताकत मिली है। मखाना बोर्ड का गठन और अन्य विकास कार्यों के लिए उन्होंने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया।

569 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन

समृद्धि यात्रा के दौरान, मुख्यमंत्री ने सुपौल में 569 करोड़ रुपये के 213 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इनमें आंगनवाड़ी सेंटर, प्राइमरी स्कूल, तालाबों का रेनोवेशन, टाउन हॉल और सुधा डेयरी प्लांट को बढ़ाने जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। इस दौरान जब हां हम बिहारी हैं जी गीत बजाय तो मुख्यमंत्री मुस्कुरा दिए।

दिल्ली से भी बिहार पर नजर रखेंगे

सभा में मौजूद मंत्री विजय चौधरी और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी जनता को संबोधित किया। इस दौरान विजय चौधरी ने भावुक होते हुए कहा कि भले ही नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं, लेकिन हमने उनसे वादा लिया है कि वह दिल्ली से बिहार पर कड़ी नजर रखेंगे। इस दौरान सम्राट चौधरी ने कहा, 'नीतीश कुमार हमारे संरक्षक हैं और बिहार हमेशा उनके मार्गदर्शन में ही चलेगा।'