
केंद्रीय मंत्री और जदयू के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह (Photo-IANS)
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय मंत्री और सांसद ललन सिंह ने चुनावी मैदान की कमान खुद संभाल ली है। बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के मोकामा विधानसभा में लोगों से मिलते हुए ललन सिंह ने न केवल अनंत सिंह का खुलकर बचाव किया, बल्कि उनकी गिरफ्तारी को एक बड़ा षड्यंत्र करार देते हुए विरोधियों को कड़ी चेतावनी भी दी।
मोकामा में लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए ललन सिंह ने कहा, "अनंत बाबू (अनंत सिंह) थे तो मेरी जिम्मेदारी कम थी, लेकिन आज वह नहीं हैं तो मैंने आज से मोकामा चुनाव की कमान संभाल ली है। आप लोग तनिक भी चिंता न करें।" उन्होंने मोकामा की जनता को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि अब हर एक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह अनंत सिंह बनकर चुनाव लड़े और साजिश का जवाब दे।
अनंत सिंह की गिरफ्तारी दुलारचंद यादव हत्या मामले में हुई है। इस पर बोलते हुए ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कानून राज का सम्मान किया है, यही कारण है कि आज वह जनता के बीच मौजूद नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि अनंत सिंह इस मामले में पूरी तरह निर्दोष हैं और उनकी गिरफ्तारी एक गहरी साजिश का हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह घटना अपने आप होने वाली घटना नहीं है। कई वीडियो सामने आए हैं, जिनसे यह स्पष्ट होता है कि एक बड़ा षड्यंत्र रचा गया है।"
ललन सिंह ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की गुजारिश की। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस जांच में जल्द ही इस षड्यंत्र का पर्दाफाश हो जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा, "हम पुलिस से गुजारिश करेंगे इस मामले की अच्छे से जांच करें और इस साजिश के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाएं।"
रैली में मौजूद भारी भीड़ को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने कहा कि विरोधियों को मोकामा की जनता का मनोबल गिराने का मौका नहीं मिलना चाहिए। किसी को जरा सा भी मनोबल को गिरने नहीं देना है, मनोबल पूरा ऊंचा रखना है। मनोबल ऊंचा रखकर इस षड्यंत्र का जवाब देना है।
उन्होंने अंत में दावा किया कि पूरे बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार के पक्ष में माहौल है। उन्होंने कहा, "पूरा बिहार मोदी-नीतीश की जय जय कर रहा है। अनंत सिंह के जेल जाने से चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।"
Published on:
03 Nov 2025 01:25 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
पटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग

