28 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

होली पर घर जाने के लिए ट्रेन में नहीं मिल रही टिकट? बिहार सरकार ने की स्पेशल व्यवस्था, जानिए कितना करना होगा खर्च

होली और ईद के लिए ट्रेनों में भारी वेटिंग टाइम और बढ़ते हवाई किराए को देखते हुए, बिहार सरकार ने प्रवासियों के लिए 118 स्पेशल AC बसें शुरू की हैं। ये बसें बिहार के बड़े शहरों को दिल्ली, हरियाणा, बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों से जोड़ेंगी।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Feb 27, 2026

Holi Special: होली और ईद के त्योहार पर अपने घर जाने वाले प्रवासी बिहारियों के लिए भारतीय रेलवे की ट्रेनों में लंबी वेटिंग और विमानों के बढ़ते किराए ने चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों से बिहार जाने वाली लगभग सभी ट्रेनों में टिकट मिलना नामुमकिन हो गया है। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने कमर कस ली है और दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों से बिहार के प्रमुख शहरों के लिए 118 स्पेशल एसी बसों का परिचालन शुरू कर दिया है।

ट्रेनों में नो-रूम और फ्लाइट्स का किराया हुआ दोगुना

होली के मौके पर दिल्ली, मुंबई, सूरत और बेंगलुरु से पटना, दरभंगा व मुजफ्फरपुर आने वाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 300 के पार पहुंच गई है। तत्काल टिकट भी पलक झपकते ही खत्म हो रहे हैं। वहीं, हवाई किराए की बात करें तो दिल्ली और मुंबई से पटना का टिकट सामान्य दिनों की तुलना में दोगुना महंगा बिक रहा है। ऐसे में मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर पहुंचना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

118 एसी बसों का परिचालन

त्योहार पर यात्रियों को राहत देने के लिए बिहार सरकार ने 23 फरवरी से 23 मार्च तक एक महीने के लिए अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू की है। इसमें दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के रूट शामिल हैं। सरकार इन बसों के टिकट पर भारी सब्सिडी भी दे रही है, जिससे किराया प्राइवेट बसों की तुलना में काफी कम है।

बिहार–दिल्ली रूट किराया चार्ट

क्रमरूटएसी सीटर (₹)एसी स्लीपर (₹)
1दरभंगा – दिल्ली1,1901,796
2किशनगंज – दिल्ली1,4942,255
3गया – दिल्ली1,1581,747
4सीतामढ़ी – दिल्ली1,1831,785
5शिवहर – दिल्ली1,1701,766
6सुपौल – दिल्ली1,3452,030
7सीवान – दिल्ली1,0071,520
8मुजफ्फरपुर – दिल्ली1,1211,692
9पटना – दिल्ली1,2541,893

बिहार–हरियाणा रूट किराया चार्ट

क्रमरूटएसी सीटर (₹)एसी स्लीपर (₹)
1पूर्णिया – गुरुग्राम1,4002,112
2पटना – अंबाला1,3342,013
3पटना – गुरुग्राम1,0931,649
4गया – अंबाला1,2941,953
5गया – गुरुग्राम1,2071,822
6अररिया – गुरुग्राम1,3562,046
7मधुबनी – अंबाला1,434
8मधुबनी – गुरुग्राम1,2231,845
9लऊखा – अंबाला1,2072,109

बुकिंग कैसे करें?

यात्री इन बसों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकट बुक कर सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग BSRTC की आधिकारिक वेबसाइट bsrtc.bihar.gov.in पर होगी। वहीं, ऑफलाइन बुकिंग बस स्टैंड से की जा सकती है। इसके अलावा ऑन-स्पॉट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है। डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देते हुए पेमेंट के लिए बसों में यूपीआई (UPI), डेबिट/क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग की सुविधा भी दी गई है।

बस खुलने का समय

पटना से दिल्ली के लिए बस सुबह 11:30 बजे गांधी मैदान बस स्टैंड से खुलती है। इसी तरह गयाजी से दिल्ली के लिए शाम 7:30 बजे बस खुलती है। मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए सुबह 11:20 बजे और दिल्ली से वापसी में बसें दोपहर 1:00 बजे से 2:20 बजे के बीच खुलती है।