
एआई तस्वीर
सेवाड़ी (पाली)। फालना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े दुस्साहस दिखाते हुए लूट और अपहरण की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गुजरात पासिंग कार में आए बदमाशों ने बाइक सवार युवक को पिस्टल दिखाकर अगवा कर लिया और करीब 2 करोड़ रुपए कीमत के डेढ़ किलो सोने के गहने लूटकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार वारदात सुबह करीब 11 बजे बेडल और पैरवा के बीच हुई। टिपरी निवासी जगाराम पुत्र उमाराम जणवा चौधरी अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक अज्ञात गुजरात पासिंग कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह नीचे गिर गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, कार सवार बदमाशों ने उस पर पिस्टल तान दी और जबरन कार में डालकर उसका अपहरण कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बदमाश जगाराम को कार में बैठाकर आहोर और तखतगढ़ के बीच एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां उसके पास मौजूद करीब डेढ़ किलो सोने के गहने छीन लिए और उसे वहीं उतारकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही फालना पुलिस हरकत में आई और जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और संदिग्ध मार्गों पर जांच जारी है। फालना थानाधिकारी विक्रमसिंह ने बताया कि मौके का मुआयना कर लिया गया है और मामले की गहन पड़ताल की जा रही है।
Updated on:
06 Feb 2026 08:17 pm
Published on:
06 Feb 2026 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allपाली
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
