पाली, May 29, 2026

मौके पर मौजूद आरटीओ की टीम। फोटो: पत्रिका
पाली। राजस्थान के पाली जिले में देर रात जाडन टोल नाके पर ट्रेलर चालक ने आरटीओ के गार्ड को कुचल दिया। हादसे में गार्ड रामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रेलर चालक मौके से भाग छूटा। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मौके से भागे ट्रेलर चालक को पुलिस ने नाकेबंदी कर सोजत में दबोचा लिया। पुलिस अब पकड़े गए ट्रेलर चालक से पूछताछ में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार घटना पाली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-162 पर जाडन टोल प्लाजा के पास रात करीब 1:00 बजे की है। जब प्रादेशिक परिवहन निरीक्षक के साथ टीम देर रात वाहनों की चैकिंग कर रही थी। तभी ट्रेलर चालक ने गार्ड रामलाल मेघवाल को कुचल दिया।
हादसे के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से गार्ड को बांगड़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरटीओ गार्ड को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना भिजवाई।
सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिटायर सैनिक रामलाल करीब आठ साल से पाली के आरटीओ ऑफिस में संविदा पर गार्ड के रूप में कार्यरत थे। गार्ड का कुचला शव देखकर परिवहन निरीक्षक शंभूलाल की तबीयत खराब हो गई। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
परिवहन निरीक्षक शंभूलाल बलाई ने बताया कि जाडन टोल प्लाजा के पास रात करीब एक बजे वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। तभी पाली की ओर से एक ट्रेलर आता दिखाई दिया। जिसे रुकवाने के लिए गार्ड रामलाल सड़क पर पहुंचे। उन्होंने ट्रेलर चालक को रुकने का इशारा किया। लेकिन, चालक ने रामलाल के ऊपर ट्रेलर चढ़ा दिया और चालक मौके से फरार हो गया। सिर और सीने के ऊपर से ट्रेलर के टायर निकलने से गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई।
गार्ड को कुचलने के बाद चालक ट्रेलर सहित मौके से भाग छूटा। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने कई जगह नाकेबंदी करवाई। पुलिस ने ट्रेलर चालक को सोजत में दबोच लिया। इसके बाद उसे थाने लाया गया, जहां पर उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस ने ट्रेलर को थाने में खड़ा करवा दिया है।
संबंधित विषय:
Published on: 29 May 2026 09:58 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।