करनाल, Nov 26, 2024

करनाल. दिन में मौसम साफ होने से तापमान में बढ़ोतरी हो गई। सुबह से शाम तक मौसम सुहावना रहा। इससे अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में वातावरण में नमी की मात्रा बढऩे से सुबह व रात को धुंध या स्मॉग की स्थिति बन सकती है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 27 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण प्रदेश में 23 व 24 नवंबर को हल्की गति से उत्तर पूर्वी हवाएं चलने से आंशिक बादल छाने के आसार हैं।
वातावरण में नमी की मात्रा बढऩे से अलसुबह व रात्रि को कहीं हल्की से मध्यम धुंध या कहीं स्मॉग की स्थिति बन सकती है। इस दौरान रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी और दिन के तापमान में हल्की गिरावट होने के आसार हैं। वहीं 26 नवंबर से फिर से उत्तरी व उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने की संभावना से 27 नवंबर तक रात्रि तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।
इधर, चिकित्सकों का कहना है कि रात में ठंड और दिन में गर्माहट होने से लोगों स्वास्थ्य को लेकर अधिक सजग रहने की जरूरत है। वहीं कृषि विशेषज्ञों के अनुसार 12 डिग्री सेल्सियस तक रात का तापमान गेहूं की बिजाई के लिए बहुत अच्छा है। इस बार गेहूं की फसल की बिजाई समय से होने की उम्मीद है।
सप्ताह के पहले दो दिन में ही न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है। सोमवार के दिन भी अल सुबह से आठ बजे तक हल्का कोहरा देखने को मिला, जिसके चलते सुबह के समय वाहनों की आवाजाही भी कम रही।
Published on: 26 Nov 2024 06:15 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।