
ग्वालियर. कक्षा 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए शनिवार को शहरी क्षेत्र में बनाए गए 57 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया गया। समन्वय संस्था शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या शिंदे की छावनी में सुबह केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाएं व अन्य परीक्षा सामग्री लेने पहुंचे। अफसरों द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में संबंधित केंद्राध्यक्ष व सहायक केंद्राध्यक्ष को परीक्षा सामग्री देने के बाद बसों के माध्यम से संबंधित सेंटर और पुलिस थाने के लिए रवाना किया गया। हालांकि सख्त सुरक्षा के दावों के बीच वितरण स्थल पर समुचित इंतजाम नहीं होने से शुक्रवार की तरह कई केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्षों को खुद अपने हाथों से प्रश्न पत्रों से भरे बॉक्स उठाकर बसों में रखने पड़े। वहीं कुछ शिक्षकों ने अपने अन्य साथियों की मदद से किसी तरह बस तक पहुंचाया। 10 फरवरी से शुरू होने जा रही बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुक्रवार को समन्वय संस्था शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या शिंदे की छावनी से ग्रामीण क्षेत्र के 34 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्नपत्र-कॉपी व अन्य परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया था।
पदमा स्कूल में लगाए जैमर, टेस्टिंग की
बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए शासकीय व प्राइवेट स्कूलों में बनाए गए परीक्षा सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। वहीं शनिवार को सीएम राइज पदमा विद्यालय में जैमर लगाने के लिए कर्मचारी पहुंचे और यहां जैमर लगाकर टेस्टिंग भी की गई। यह कार्य अफसरों की देखरेख में किया गया।
दस रूट, दस बसें, दो रिजर्व
मंडल की ओर से प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिकाएं और परीक्षा सामग्री 10 निर्धारित रूटों पर 10 बसों के माध्यम से रवाना की गई। किसी आपात स्थिति को देखते हुए दो बसें रिजर्व में रखी गई थीं। पूरी प्रक्रिया पुलिस निगरानी और प्रशासनिक सुरक्षा घेरे में संपन्न हुई।
91 केंद्र, 49 हजार से अधिक परीक्षार्थी
कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी से शुरू होकर 21 मार्च तक चलेंगी। जिले में कुल 91 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षाएं होंगी, जिनमें 49,336 विद्यार्थी शामिल होंगे।
Updated on:
08 Feb 2026 07:19 pm
Published on:
08 Feb 2026 07:00 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
