नई दिल्ली, Jun 07, 2026

ANI Photo
Delhi House Fire: देश की राजधानी के पॉश इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी (NFC) से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां रविवार दोपहर एक रिहायशी मकान में भीषण आग लगने के कारण दो पिल्लों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग को दोपहर करीब 3:40 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद राहत और बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घर में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
फायर स्टेशन ऑफिसर फूल सिंह मीणा ने घटना की दर्दनाक सच्चाई बताते हुए कहा कि उन्हें शाम 3:38 बजे मकान में आग लगने की कॉल मिली थी। जब फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची, तो पूरी तीन मंजिला इमारत में दम घोंटू जहरीला और गाढ़ा धुआं भरा हुआ था। अंदर फंसे लोग खिड़कियों से जान बचाने की गुहार लगा रहे थे।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तुरंत सीढ़ी की मदद से बेहद जोखिम भरा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए चार बच्चों और चार वयस्कों सहित कुल आठ लोगों को सीढ़ियों के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला। सुरक्षित निकाले गए लोग धुएं के कारण बेहाल थे, लेकिन उनकी जान बच गई। इसके अलावा, घर के भीतर मौजूद दो बेजुबान पिल्लों (डॉग पप्स) की भी दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई।
फायर ऑफिसर मीणा के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग की शुरुआत ऊपरी ग्राउंड फ्लोर पर लगी एयर कंडीशनर (AC) यूनिट से हुई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग के कारण एसी में ब्लास्ट हुआ, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कमरे के घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग बुझाने और लोगों की जान बचाने के लिए फायर स्टेशन से कुल चार दमकल वाहनों को तैनात किया गया था। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। फिलहाल कूलिंग का काम पूरा कर लिया गया है और पुलिस व दमकल विभाग हादसे के सही कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवार और आसपास के लोग सदमे में हैं।
संबंधित विषय:
Updated on: 07 Jun 2026 06:34 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।