2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नौ साल से गायब पति ने अचानक पत्नी के पास लौटा…घात लगाकर बैठी पुलिस ने धर दबोचा

Murder Case: दिल्ली में नौ साल पहले दोस्त की हत्या के बाद फरार हुए युवक ने अचानक अपनी पत्नी से संपर्क किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आगरा से उसे गिरफ्तार कर लिया।

2 min read
Google source verification
Husband returns to wife after nine years in Delhi arrested for friend murder Case

Murder Case: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नौ साल से फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने ही दोस्त को महज 400 रुपये के विवाद के चलते मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर कई राज्यों में घूमता रहा। हालांकि घटना के नौ साल बाद उसने अपनी पत्नी के पास लौटने का मन बनाया और उससे संपर्क करने का प्रयास करने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसे आगरा से धर दबोचा। खबर में नीचे जानिए कि आखिर नौ साल बाद पुलिस को आरोपी का सुराग कैसे लगा?

31 साल की उम्र में हत्या, 40 साल में गिरफ्तार

दरअसल, दोस्त को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी का नाम मोविन खान है। उसकी उम्र लगभग 40 साल है। यानी हत्याकांड के समय वह महज 31 साल का था। पुलिस का कहना है कि उसने महज 400 रुपये के लिए अपने ही दोस्त मलखान की जान ले ली थी। इसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने उस‌की तलाश में कई जगह छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इस बीच पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद कोर्ट में चार्जशीट लगा दी, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आने के कारण कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।

महज 400 सौ रुपये के लिए उतारा मौत के घाट

दिल्ली में मलखान हत्याकांड का यह मामला साल 2016 का है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मोविन खान दिल्ली के कंझावला इलाके के रहने वाला है। जबकि मृतक मलखान भी उसी के मोहल्ले का रहने वाला था। दोनों कंझावला लेबर चौक पर एक साथ दिहाड़ी मजदूरी के लिए जाते थे। साल 2016 के अंत में महज 400 रुपये के लिए दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद 31 दिसंबर 2016 को जब सारा देश नए साल का जश्न मना रहा था, तब मोविन खान ने शराब के नशे में अपने दोस्त मलखान का चाकू से गला रेत दिया। इसके बाद उसका शव सावदा गांव स्थित एक खेत में फेंककर फरार हो गया।

दिल्ली से फरार होने के बाद कई राज्यों में घूमा

लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मलखान को घायलावस्‍था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद क्षेत्रभर के सीसीटीवी की जांच के दौरान आखिरी बार मोविन खान को मलखान के साथ देखा गया। पुलिस ने जब मोविन खान की तलाश शुरू की तो पता चला कि वह फरार हो गया है। दिल्ली पुलिस सूत्रों की मानें तो मोविन खान दिल्ली से फरार होने के बाद बिहार गया, फिर झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में छिपता रहा। इस बीच पुलिस ने आरोपी मोविन खान के खिलाफ सारे सबूत जमा करने के बाद कोर्ट में चार्जशीट लगाई।

पत्नी से संपर्क ने नौ साल बाद पकड़वाया

दिल्ली क्राइम ब्रांच के सूत्रों ने बताया कि आरोपी छिपते-छिपाते नौ साल तक अपने परिवार से दूर रहा, लेकिन अब उसे अपनी पत्नी की याद सताने लगी थी। डीसीपी (क्राइम) पंकज कुमार ने बताया कि पिछले महीने पुलिस को मुखबिर से पता चला कि मलखान हत्याकांड का आरोपी मोविन खान अपनी पत्नी के संपर्क में है। इसके बाद पुलिस ने अपना जाल बिछाया और उसकी लोकेशन ट्रैक की गई। एक हफ्ते तक लगातार निगरानी के बाद पिछले दिनों क्राइम ब्रांच की टीम ने उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रिछोहा गांव से धर दबोचा। अब उसे अदालत में पेश करने की तैयारी है।

Story Loader

बड़ी खबरें

View All

नई दिल्ली

दिल्ली न्यूज़

ट्रेंडिंग