Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली की डॉक्टर से रेप के आरोपी ने दर्जनों महिलाओं का किया यौन शोषण, जांच में खुला काला चिट्ठा

Woman Doctor Rape Case: दिल्ली की महिला डॉक्टर से आरोपी की इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। आरोपी मिलने के बहाने के डॉक्टर के घर पहुंचा और दुष्कर्म कर डाला। फर्जी आर्मी लेफ्टिनेंट बनकर महिला डॉक्टर को झांसे में लेने वाले डिलीवरी बॉय ने पहले भी कई महिलाओं पर यही दांव खेला है।

3 min read
Google source verification
Delhi woman doctor rape case inside story Many women Sexual Exploitation on social media friendship

दिल्ली में महिला डॉक्टर से रेप करने के आरोपी ने पहले भी कई महिलाओं को बनाया ‌शिकार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Woman Doctor Rape Case: दिल्ली में सोशल मीडिया के जरिये हुई एक मुलाकात ने प्रतिष्ठित महिला डॉक्टर की जिंदगी तबाह कर दी। खुद को भारतीय सेना का अधिकारी बताने वाले डिलीवरी बॉय के कुकृत्य से महिला डॉक्टर गहरे सदमे में है। इस बीच पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने पहले लगभग एक दर्जन महिलाओं पर यही दांव आजमाया था। उसने उन महिलाओं के साथ क्या-क्या किया, पुलिस अब इसकी जांच में जुटी है। आरोपी की पहचान 27 साल के आरव मलिक के रूप में हुई है, जो दक्षिण दिल्ली के छतरपुर इलाके का निवासी है। वह एक ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता है।

पहले पूरा मामला समझ लीजिए

दरअसल, साउथ दिल्ली के सफदरजंग इलाके की रहने वाली एक 27 साल की प्रतिष्ठित महिला डॉक्टर की कुछ दिनों पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक से बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने खुद को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बताते हुए जम्मू कश्मीर में अपनी पोस्टिंग होने की बात कही। इस दौरान आरोपी ने महिला डॉक्टर को झांसे में लेने के लिए अपनी सेना की वर्दी वाली फोटो भी भेजीं। इसके बाद आरोपी ने डॉक्टर से मुलाकात की इच्छा जाहिर की। महिला डॉक्टर ने उसे मिलने के लिए अपने फ्लैट पर बुलाया, जहां पहुंचते ही आरोपी ने डॉक्टर को नशीली मिठाई खिला दी। इससे डॉक्टर अपना होश खो बैठी। मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी ने महिला डॉक्टर का रेप कर डाला।

दिवाली से पहले मिलने की पकड़ी जिद

महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया “इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान आरव ने दिवाली में छुट्टी पर आने की जानकारी दी। इसके साथ ही मिलने की इच्छा जाहिर की। इसपर मैंने दिवाली के बाद मिलने की बात कही तो वह दिवाली से पहले मिलने की जिद करने लगा, साथ ही शादी करने की बात कही। इसपर मैंने उसे अपने फ्लैट पर बुला लिया। यहां पहुंचते ही उसने मुझे पहले मिठाई खिलाई, जिसके खाते ही मुझे बेहोशी छाने लगी। इसके बाद जब मुझे होश आया तो मेरे कपड़े अस्त-व्यस्त थे।”

16 अक्‍टूबर को दर्ज कराई FIR

महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि होश में आने के बाद जब उसने आरोपी से पूछताछ की तो उसने अपनी असली पहचान बताई। इसके बाद उसे छले जाने का अहसास हुआ। इसके बाद महिला डॉक्टर ने 16 अक्टूबर को सफदरजंग एंक्लेव थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी आरव मलिक को गिरफ्तार कर लिया। आरव ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसने खुद को आर्मी लेफ्टिनेंट बताकर डॉक्टर से इंस्टाग्राम पर अप्रैल महीने में दोस्ती की थी। दोनों के बीच करीब पांच महीनों तक बातचीत चलती रही। इस दौरान आरव ने डॉक्टर का विश्वास जीतने के लिए झूठी पहचान का सहारा लिया।

तस्वीरें और वीडियो भेजकर जीता विश्वास

पुलिस के अनुसार, उसने आर्मी यूनिफॉर्म में अपनी कुछ तस्वीरें और वीडियो महिला को भेजे और कुछ फर्जी दस्तावेज भी साझा किए। महिला को विश्वास हो गया कि वह सचमुच भारतीय सेना में कार्यरत है। इस बीच दोनों के बीच लगातार चैटिंग और कॉल्स का सिलसिला चलता रहा। इसके बाद वह मिलने की जिद करने लगा। इसपर महिला डॉक्टर ने आरव को अपने घर बुलाया, जहां आरोपी ने नशीली मिठाई खिलाकर उसके साथ रेप किया। जब महिला को होश आया, तो उसने खुद पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर कई महिलाओं को बनाया निशाना

साउथ-वेस्ट दिल्ली के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने न केवल महिला को धोखा दिया बल्कि उसकी भावनाओं और विश्वास का घोर दुरुपयोग किया। आरोपी ने सोशल मीडिया पर कई अन्य महिलाओं से भी संपर्क किया था और उन्हें भी अपने झूठे आर्मी अफसर होने का झांसा दिया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या उसने अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसा अपराध किया है।

पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किन-किन महिलाओं से बातचीत की थी और किन्हें उसने धोखे में रखा। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने आर्मी की वर्दी पहनकर बनाए गए अपने वीडियो का इस्तेमाल महिलाओं को विश्वास में लेने के लिए किया था।

प्रतिष्ठित अस्पताल में तैनात है महिला डॉक्टर

महिला डॉक्टर एक प्रतिष्ठित अस्पताल में कार्यरत हैं और उन्होंने अपनी हिम्मत दिखाते हुए तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 328 (नशीला पदार्थ देकर नुकसान पहुंचाना), 419 (भेष बदलकर धोखाधड़ी), 468 (जाली दस्तावेज बनाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक महिला के साथ धोखे और हिंसा का नहीं है, बल्कि यह सोशल मीडिया पर बढ़ते फर्जी प्रोफाइल्स और उनके खतरनाक परिणामों की ओर भी इशारा करता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन किसी भी व्यक्ति की पहचान पर तुरंत भरोसा न करें और ऐसे मामलों में सतर्कता बरतें।