नई दिल्ली, May 21, 2026

गोविंदपुरी में मां-बेटे की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या (Photo: IANS/File)
दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके (Govindpuri Double Murder) से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार देर रात घर के अंदर मां और बेटे की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी घर से करीब 12 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुईं है।
पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरी थाना क्षेत्र में कालकाजी की गली नंबर 10 से देर रात करीब सवा एक बजे दो लोगों की हत्या की पीसीआर कॉल मिली थी। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता विष्णु साहू रात करीब 12:30 बजे घर लौटे थे। उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। जब अंदर जाकर देखा तो पत्नी और बेटे की लाश पड़ी थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान 40 वर्षीय शारदा साहू के रूप में हुई है, जबकि उनके 14 वर्षीय बेटे का नाम खुशाल साहू बताया जा रहा है। शारदा के पति विष्णु जब बाजार से घर लौटे तो उन्होंने पत्नी और सातवीं में पढ़ने वाले बेटे को रसोई के फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।
बताया जा रहा है कि शारदा के पति सब्जी विक्रेता हैं और साप्ताहिक बाजार में ठेला लगाते हैं। घटना के समय वह बाजार गए हुए थे। इसी दौरान बदमाश घर में घुसे और मां-बेटे पर हमला कर दिया। शुरुआती जांच में लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और घर से कई अहम सबूत जुटाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 309 (लूट) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिवार के लोगों और आसपास के निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस दोहरे हत्याकांड ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से कड़े कदम उठाने की मांग की है।
Updated on: 21 May 2026 02:21 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।