नई दिल्ली, Jun 04, 2026

AAP नेता आशुतोष रांका बने CJP के प्रवक्ता
CJP Delhi Protest 6 June: सोशल मीडिया पर एक सटायर से जन्मी 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) अब सियासी गलियारों में खासी चर्चा बटोर रही है। दरअशल, आने वाले 6 जून को दिल्ली में होने वाले अपने प्रस्तावित बड़े प्रदर्शन से ठीक पहले CJP ने अपने तीन नए प्रवक्ताओं के नामों का ऐलान किया है। इसी के साथ पार्टी के अब तक जो चार प्रमुख चेहरे सामने आए हैं, उनमें से दो का सीधा जुड़ाव आम आदमी पार्टी (AAP) से देखने को मिला है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की तरह ही, CJP के नव-नियुक्त प्रवक्ता आशुतोष रांका भी 'आप' से गहरा नाता रखते हैं। रांका न सिर्फ आम आदमी पार्टी के सक्रिय नेता रहे हैं, बल्कि राजस्थान में पार्टी के बड़े पदाधिकारी भी रह चुके हैं।
CJP द्वारा जारी परिचय के अनुसार, आशुतोष रांका का शैक्षणिक और पेशेवर रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर और प्रतिष्ठित लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) के पूर्व छात्र हैं। पेशेवर जीवन में वह लंदन स्थित प्रसिद्ध कंसल्टिंग फर्म मैक्किंजे एंड कंपनी में भी काम कर चुके हैं। पिछले वर्ष भारत लौटने के बाद से वह जयपुर में पर्यावरण, शिक्षा और युवाओं से जुड़े विभिन्न जन अभियानों का नेतृत्व कर रहे हैं। हाल ही में हुए NEET पेपर लीक मामले के खिलाफ चलाए गए आंदोलनों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। हालांकि, CJP द्वारा जारी उनके आधिकारिक परिचय में आम आदमी पार्टी से किसी प्रकार के संबंध का उल्लेख नहीं किया गया है और फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया है या नहीं।
दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स के मुताबिक, 30 दिसंबर 2025 को राजस्थान आम आदमी पार्टी के प्रभारी धीरज टोकस और सह-प्रभारी घनेंद्र भारद्वाज ने प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की थी। इस आधिकारिक सूची में आशुतोष रांका का नाम शामिल था, जिन्हें 'आप' की इंटेलेक्चुअल विंग का स्टेट सेक्रेट्री (प्रदेश सचिव) नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वह लगातार आम आदमी पार्टी के मंचों से कई गंभीर मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए भी नजर आते रहे हैं।
बुधवार को अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब आशुतोष रांका से 'आप' कनेक्शन को लेकर सीधा सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे नकारे बिना सरकार और उसके तंत्र पर तीखा तंज कसा।रांका ने कहा, 'इस देश में जो भी सरकार पर सवाल उठाता है, उसे या तो एंटी-नेशनल (देशद्रोही) घोषित कर दिया जाता है, या पाकिस्तानी कह दिया जाता है या फिर किसी राजनीतिक दल की 'बी-टीम' बता दिया जाता है। जब 17 साल के वेदांत को सिर्फ सीबीआई (CBI) के पोर्टल पर सवाल उठाने के लिए 'पाकिस्तानी' बोल दिया गया, तो हमें इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं है। इनका पूरा इकोसिस्टम इसी काम में लगा हुआ है। हमारी उम्मीद तो सिर्फ इस देश के युवाओं से है।'
संबंधित विषय:
Published on: 04 Jun 2026 04:56 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।