
Accident News: सोशल मीडिया पर चंद लाइक और व्यूज पाने के लिए आज के युवा किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हैं, यहां तक कि अपनी जान की परवाह किए बिना रील बना रहे हैं। ऐसे जोखिम भरे काम करने के दौरान कई बार लोग अपनी जान गंवा बैठते हैं। ऐसा ही एक मामला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सामने आया है। दरअसल, यहां 12वीं में पढ़ने वाला एक छात्र रील बनाने के दौरान हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई। ईद से ठीक पहले हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलते ही परिजन और गांव के कई लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। एक होनहार छात्र की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में गहरा दुख और शोक का माहौल फैल गया।
आपको बता दें कि यह घटना शनिवार की है। मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के नूंह क्षेत्र के गांव महूं चौपड़ा का रहने वाला मोइन अपने एक दोस्त के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घूमने गया था। दोनों युवक अपनी बाइक को एक्सप्रेसवे के 59 नंबर चैनल के पास नीचे खड़ी कर सड़क के ऊपर आ गए थे। इसके बाद वे मोबाइल फोन से रील बनाने लगे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप गाड़ी वहां पहुंची और देखते ही देखते दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का भी मौका नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि पिकअप ने इतना जोरदार टक्कर मारा कि मोइन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसका दोस्त टक्कर लगने के बाद दूर जाकर गिरा, जिसकी वजह से उसको गंभीर चोट आई लेकिन उसकी जान बच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा जिला अस्पताल भेज दिया।
इस भीषण हादसे को लेकर एसएचओ सुभाषचंद्र फिरोजपुर झिरका ने जानकारी दी कि पिकअप वाहन की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही प्रशासन ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि एक्सप्रेसवे जैसी व्यस्त और तेज रफ्तार सड़कों पर बिना काम के न जाएं और न ही ऐसी सड़कों पर खड़े होकर रील बनाने की गलती करें।
Published on:
15 Mar 2026 11:27 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
