नई दिल्ली, May 13, 2026

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने इसे भ्रम फैलाने की कोशिश करार दिया है। मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपील की थी। यह कोई निर्देश या कानून नहीं था। इस पर किसी का विरोध कैसे हो सकता है। वर्क फ्रॉम होम या सोना नहीं खरीदने पर क्या आपत्ति हो सकती है? हमारे भारत के पास पर्याप्त भंडार है। किसी चीज की कमी नहीं है।
राहुल गांधी को इस पर क्यों आपत्ति हो रही है, अरविंद केजरीवाल अपील को गलत बता रहे हैं उन्होंने तो ऑड इवन का फार्मूला लगा दिय था। यह पहली बार नहीं है कि किसी प्रधानमंत्री ने देश से अपील की हो। इससे पहले लाल बहादुर शास्त्री, जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने भी ऐसी अपील की थीं। तब कांग्रेस ने उनकी सराहना की लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐसा करते हैं तो सरकार को विफल बताती है।
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री रहे पी चिदंबरम ने भी भारत के लोगों से सोना न खरीदने का आग्रह किया था। उस समय कोई युद्ध नहीं चल रहा था। यह सच है कि कांग्रेस शासनकाल में ही भारत की आर्थिक व्यवस्था को 'कमजोर पांच' श्रेणी में रखा गया था। आज वे दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था पर उंगली उठा रहे हैं। जब प्रधानमंत्री अपील करते हैं, तो विपक्षी पार्टियों को चाहिए कि वो भी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहें। लेकिन वो कहते हैं कि ये भारत की विफलता दर्शाता है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और समाजवादी पार्टी देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। लेकिन देश की जनता पूरी तरह से ऐसी नकारात्मक देशविरोधी राजनीति को नकार रही है।
गौरव भाटिया ने कहा कि जबसे युद्ध की शुरुआत हुई है चीन में पेट्रोल 23 प्रतिशत महंगा हुआ है, अमेरिका में 45 प्रतिशत, कनाडा में 30 प्रतिशत और ऑस्ट्रेलिया में 30 प्रतिशत महंगा हुआ है। जबकि भारत में महंगा नहीं हुआ है। ये भारत की ताकत है। भारत में किसी भी आवश्यक वस्तु की कोई भी कमी नहीं है। विपक्ष को चाहिए कि वो पैनिक न फैलाए, भ्रम की राजनीति न करे और आपदा में अवसर की खोज न करे। भारत इन चुनौतियों से और मजबूत हो कर उभर कर आएगा।
Published on: 13 May 2026 02:39 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।