नीमच, May 01, 2026

NEET एग्जाम को लेकर गाइडलाइन जारी (photo source- Patrika)
नीमच. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को जिला मुख्यालय पर दो केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सुचारू एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने हेतु सभी प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा में शामिल महिला-पुरुष परीक्षार्थियों की अलग अलग शारीरिक (फ्रिस्किंग) जांच की जाएगी। दोनों केंद्रों पर सीसीटीवी से हर गतिविधि पर बारीक नजर रखी जाएगी।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शासकीय पीजी कॉलेज नीमच एवं शासकीय कन्या महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने दोनों केंद्र प्रभारियों को सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र पर महिला एवं पुरुष परीक्षार्थियों के प्रवेश की पृथक पृथक व्यवस्था रहेगी। इस दौरान महिला परीक्षार्थियों की सम्मानजनक फ्रिस्किंग (शारीरिक जांच) के लिए विशेष इंतजाम रहेंगे।
फ्रिस्किंग प्रक्रिया महिला एवं पुरुष कर्मचारी द्वारा अलग-अलग की जाएगी। केंद्र पर परीक्षार्थियों के मोबाइल सहित अन्य आवश्यक सामग्री रखने के लिए भी व्यवस्था रहेगी। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। कक्षों में पर्याप्त प्रकाश, पंखे व कूलर की व्यवस्था रहेगी। पेयजल की उत्तम व्यवस्था एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रकाश के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी की जाएगी।
प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए एक कुर्सी-टेबल की व्यवस्था रहेगी। एक टेबल पर एक ही परीक्षार्थी बैठकर परीक्षा देगा। इसको लेकर कलेक्टर ने विशेष हिदायत दी है। केंद्रों पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, लाइव सीसीटीवी निगरानी एवं एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी की व्यवस्था की गई है। थ्री-लेयर सुरक्षा लागू रहेगी। गुरुवार को कलेक्टर ने जाजू कॉलेज परीक्षा केंद्र पर प्रत्येक कक्ष में अतिरिक्त ट्यूब लाइट लगवाकर प्रकाश व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों परीक्षा केंद्रों पर एक एक कक्ष में जाकर बैठक व्यवस्था का भी अवलोकन किया। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान एडीएम बीएस कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Published on: 01 May 2026 10:26 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।