7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत से ट्रेड डील के बाद पाकिस्तान को अमेरिका से तगड़ा झटका, PoK-अक्साई चिन को भारतीय नक्शे में दिखाया

अमेरिका ने पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है। दरअसल, अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव ऑफिस ने भारत का नया नक्शा जारी किया। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर और पाक अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा दिखाया गया है।

2 min read
Google source verification
US release India Map

अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव की तरफ से जारी भारतीय मानचित्र में पीओके और अक्साई चिन को दर्शाया गया है। (United States Trade Representative/ IANS)

भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर आपसी सहमति बन गई है। इसको लेकर दोनों देशों की ओर से संयुक्त बयान भी जारी किए गए हैं। दोनों देशों के ट्रेड डील को लेकर साझा जारी बयानों के बीच अमेरिका ने पाकिस्तान को तगड़ा झटका दिया है। अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (US Trade Representative) ऑफिस ने भारत का एक नक्शा जारी किया है। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा दिखाया गया है। सबसे खास और अहम बात यह है कि अक्साई चिन और पाक अधिकृत कश्मीर (Pok) जिसे पाकिस्तान आजाद कश्मीर कहता है, भी शामिल है और कोई अलग सीमांकन भी नहीं है।

दरअसल, अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव की तरफ से ट्रेड डील को लेकर 'एक्स' पर किए गए पोस्ट में लिखा, “ट्री नट्स और ड्राइड डिस्टिलर्स ग्रेन्स से लेकर रेड ज्वार तथा ताजे और प्रोसेस्ड फलों तक, अमेरिका-भारत समझौता अमेरिकी उत्पादों के लिए नए बाजारों तक पहुंच प्रदान करेगा।” इस पोस्ट के साथ भारत का नक्शा जारी किया गया, जिसने सभी का ध्यान बरबस अपनी ओर खींचा। इस नक्शे में जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा दिखाया गया। इसमें अक्साई चिन और पाक अधिकृत कश्मीर को भी शामिल किया गया है।

पहले क्या था अमेरिका का रुख

कश्मीर के मुद्दे पर अमेरिका का रुख काफी संतुलित और कभी-कभी पाकिस्तान के प्रति झुकाव वाला रहा। अमेरिका आधिकारिक तौर पर पूरे जम्मू-कश्मीर को "विवादित क्षेत्र" मानता आया है। दशकों तक अमेरिकी विदेश विभाग (State Department) और सीआईए (CIA) के नक्शों में कश्मीर को निम्नलिखित तरीके से दिखाया जाता था..

  • डॉटेड लाइन (Dotted Lines): अमेरिका एलओसी (LoC) को एक बिंदीदार रेखा के रूप में दिखाता था, जो यह संकेत देता था कि यह एक अंतरराष्ट्रीय सीमा नहीं बल्कि एक सैन्य नियंत्रण रेखा है।
  • डिस्क्लेमर (Disclaimer): उनके नक्शों पर अक्सर लिखा होता था कि "पूरा क्षेत्र विवादित है" और इसे भारत-पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए।
  • पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर: पीओके को अक्सर "पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर" के रूप में चिह्नित किया जाता था, जो तकनीकी रूप से उसे पाकिस्तान के प्रशासनिक ढांचे का हिस्सा दिखाता था।

क्या थे 2011 और 2014 के विवाद

  • 2011: अमेरिकी विदेश विभाग की वेबसाइट पर एक नक्शा जारी किया गया था जिसमें पीओके को पाकिस्तान का हिस्सा दिखाया गया था। भारत सरकार की कड़ी आपत्ति के बाद अमेरिका ने इसे अपनी वेबसाइट से हटा दिया था।
  • 2014: पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग) की एक रिपोर्ट में एशिया का एक नक्शा छपा था जिसमें पीओके के कुछ हिस्सों को पाकिस्तान के भीतर दिखाया गया था। भारत द्वारा "गलत चित्रण" की शिकायत करने पर इसे बाद में संशोधित किया गया।

लेकिन भारत से मौजूदा ट्रेड डील के बाद यह पहली बार है जब अमेरिका ने अपने रुख में बदलाव किया है। भारतीय मानचित्र में अक्साई चिन और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को दर्शाया है। अमेरिका के इस कदम से पाकिस्तान और चीन दोनों को कड़ा संदेश गया है।