भारत, May 29, 2026

Twisha Sharma Case Update (AI Image)
Twisha Sharma Case Update: ट्विशा डेथ मिस्ट्री मामले में CBI ने गुरुवार शाम को आरोपी सास रिटायर्ड जज गिरिबालासिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरिबाला की गिरफ्तारी के साथ ही सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। सीबीआई की टीम सुबह 10.30 बजे पति समर्थ को लेकर उसके घर पहुंची थी, जहां ट्विशा की सास, पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह सहित उनके चचेरे भाई स्वराज और अन्य लोगों से करीब सात घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद शाम 5.15 बजे गिरिबाला को गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई टीम उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच मैनिट में बनाए गए कैंप ऑफिस लेकर गई, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। सीबीआइ ने जिला न्यायाधीश को गिरफ्तारी की सूचना भी दी।
सीबीआई की टीम शुक्रवार को गिरिबाला सिंह और समर्थ दोनों को स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश करेगी। इस दौरान रिमांड अवधि बढ़ाने की मांग की जाएगी। इससे पहले एसआइटी द्वारा समर्थ सिंह को एक सप्ताह की रिमांड पर लिया गया था, लेकिन बाद में जांच सीबीआइ को सौंपे जाने के बाद अंतिम दो दिन की रिमांड सीबीआइ के पास रही। केस की जांच सीबीआइ की पांच सदस्यीय टीम कर रही है।
गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका को हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने बुधवार को खारिज कर दिया था। इससे पहले 10वें अतिरिक्त सत्र न्यायालय, भोपाल ने उन्हें अग्रिम जमानत दी थी, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।
Published on: 29 May 2026 04:21 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।