भारत, May 27, 2026

Vijay meets PM Modi
CM Vijay Meets PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की बचत और सादगी अपनाने की अपील के बावजूद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बड़े काफिले के साथ राजधानी पहुंचकर सुर्खियां बटोरी हैं। बुधवार को अपने पहले आधिकारिक दिल्ली दौरे पर सीएम विजय ने एक दर्जन से गाड़ियों वाले काफिले के साथ पीएम मोदी से मुलाकात की।
सूत्रों के अनुसार, सीएम विजय चेन्नई से चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे और तमिलनाडु हाउस में रुके। उनकी मुलाकात पीएम मोदी से दोपहर में तय थी, जिसमें मेकेदातु बांध विवाद, NEET परीक्षा, राज्य को वित्तीय सहायता और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान उनका काफिला काफी बड़ा था, जो ट्रैफिक व्यवस्था पर असर डाल रहा था।
पीएम मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन बचाने, अनावश्यक खर्च कम करने और सादगी बरतने की अपील की थी। खुद पीएम ने अपने काफिले को काफी छोटा कर लिया है। कई मुख्यमंत्री और नेता भी इस अपील का पालन कर रहे हैं। लेकिन सीएम विजय के बड़े काफिले ने विपक्षी दलों और सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना को जन्म दिया है।
विपक्ष का कहना है कि केंद्र की ईंधन मूल्य वृद्धि की आलोचना करने वाले विजय खुद VIP संस्कृति का प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, विजय सरकार के समर्थक इसे सुरक्षा और प्रोटोकॉल का मामला बता रहे हैं।
आपको बता दें कि एक दिन पहले सीएम विजय ने पीएम मोदी से कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदातु जलाशय परियोजना को आगे बढ़ाने से रोकने के लिए तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम सुप्रीम कोर्ट के आदेशों और कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण (सीडब्ल्यूडीटी) के फैसले का उल्लंघन करता है।
प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में मुख्यमंत्री विजय ने मेकेदातु परियोजना के लिए कर्नाटक द्वारा भूमि पूजन की घोषणा पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से तमिलनाडु के उन किसानों में व्यापक चिंता पैदा हो गई है जो कृषि और आजीविका के लिए कावेरी नदी के जल पर निर्भर हैं।
Updated on: 27 May 2026 06:04 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।