कोलकाता, Jun 03, 2026

TMC ऑफिस पर लगा ताला (AI Image)
TMC Office Locked: पश्चिम बंगाल के मालदा शहर में तृणमूल कांग्रेस (TMC) को उस समय मुश्किल का सामना करना पड़ा, जब उनके जिला कार्यालय पर मकान मालकिन ने ताला लगा दिया। यह कार्यालय स्टेशन रोड पर है। मकान मालकिन ने बकाया किराया और बिजली बिल न मिलने की वजह से यह कदम उठाया। उन्होंने कार्यालय के बाहर लगे पार्टी के बैनर, पोस्टर और झंडे भी हटवा दिए।
मकान मालकिन निर्मला घोष का कहना है कि पिछले चार महीनों से उन्हें किराया नहीं मिला है। उनके मुताबिक करीब 1.40 लाख रुपये किराया और लगभग 20 हजार रुपये बिजली बिल बाकी है। उन्होंने बताया कि कई बार पार्टी नेताओं और जिला अध्यक्ष से पैसे देने को कहा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार मजबूर होकर उन्हें कार्यालय बंद करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, साल 2022 में अब्दुर रहीम बॉक्सी के जिला अध्यक्ष बनने के बाद इस भवन को किराये पर लिया गया था। तब से यही जिला TMC का मुख्य कार्यालय था और यहीं से पार्टी की बैठकों और अन्य राजनीतिक गतिविधियों का संचालन होता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि 4 मई को चुनाव नतीजे आने के बाद से कार्यालय में गतिविधियां काफी कम हो गई थीं और वह लगभग बंद जैसा ही पड़ा था।
इस घटना के बाद पार्टी के अंदर भी नाराजगी देखी जा रही है। कई नेताओं का मानना है कि इससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है। एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि चुनाव में हार-जीत अलग बात है, लेकिन संगठन के कार्यालय का संचालन और किराया जैसी जिम्मेदारियां समय पर पूरी होनी चाहिए।
जिला अध्यक्ष अब्दुर रहीम बॉक्सी ने बताया कि कार्यालय के अंदर एसी, टीवी, फ्रिज, फर्नीचर और अन्य सामान रखा हुआ है, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये से ज्यादा है। उन्होंने कहा कि मकान मालकिन से बात हो चुकी है और इस महीने के अंदर सारा बकाया भुगतान कर दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि भुगतान के बाद कार्यालय इसी जगह से चलेगा या किसी दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा।
संबंधित विषय:
Published on: 03 Jun 2026 09:33 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।