थाईलैंड के राजा महा वजिरालोंगकोर्न ने अनुतिन चर्नविरकुल को देश के नए प्रधान मंत्री के रूप में समर्थन दे दिया है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के महासचिव अरपथ सुखनंथ ने रविवार को भूमजैथाई पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में इस बात की जानकारी दी है। इस दौरान उन्होंने अनुतिन को प्रधानमंत्री नियुक्त करने का राजसी आदेश भी पढ़ा। बता दे कि यह शाही अनुमोदन, मंत्रिमंडल के गठन और संसद में नीतिगत संबोधन का मार्ग प्रशस्त करता है, जो नई सरकार के लिए आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण करने के लिए एक आवश्यक औपचारिकता है।
विपक्षी भूमजैथाई पार्टी के नेता अनुतिन को शुक्रवार को एक संसदीय वोट में बहुमत हासिल करने के बाद थाईलैंड का नया प्रधानमंत्री चुना गया था। अनुतिन ने अपने एकमात्र प्रतिद्वंद्वी, सत्तारूढ़ फू थाई पार्टी द्वारा नामित, चाईकासेम नितिसिरी को हराकर यह जीत हासिल की थी। यह संसदीय वोट पिछले हफ्ते आए अदालत के एक फैसले के बाद आयोजित किए गए थे, जिसमें नैतिकता के उल्लंघन के चलते पूर्व पीएम पैतोंगटार्न शिनवात्रा को उनके पद से हटा दिया गया था।
यह मतदान लगभग एक घंटे तक चला और अनुतिन ने 490 सदस्यों में से 311 सदस्यों का समर्थन पाकर जीत हासिल की है। दूसरे उप-हाउस स्पीकर चलाद खामचुआंग ने अनुतिन की जीत की घोषणा की। अनुतिन को मिला बहुमत साधारण बहुमत से कई ज़्यादा था। संसदीय सत्र के बाद अपने भाषण में, अनुतिन ने प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन देने के लिए साथी थाई नागरिकों का आभार व्यक्त किया, जो संसद सदस्यों के माध्यम से व्यक्त किया गया था।
Published on:
07 Sept 2025 02:48 pm