भारत, Jun 05, 2026

भारत में मानसून ने दी दस्तक
Monsoon Rain Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार भारत में दस्तक दे दी है। भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है। हालांकि इस साल मॉनसून सामान्य तिथि की तुलना में लगभग तीन दिन की देरी से पहुंचा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 4 जून को मॉनसून ने केरल में प्रवेश किया और अब यह धीरे-धीरे देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है।
फिलहाल मॉनसून केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई क्षेत्रों को कवर कर चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह तेजी से आगे बढ़ते हुए देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य एवं पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ क्षेत्रों, पूरे लक्षद्वीप, केरल एवं माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों तक अपनी पहुंच बना ली है। इसके अलावा मॉनसून दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और क्षेत्रों में भी आगे बढ़ चुका है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अनुमान के अनुसार मॉनसून इन राज्यों में इन तारीखों तक पहुंच सकता है-
आईएमडी ने कई राज्यों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
केरल और कर्नाटक
अगले सात दिनों के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ वर्षा दर्ज की जा सकती है।
तमिलनाडु
राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
पूर्वोत्तर भारत
अगले 5 से 6 दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों के साथ-साथ दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और मध्यम से तीव्र बारिश की भी संभावना है।
आईएमडी का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मॉनसून के मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के शेष हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके अलावा मॉनसून के दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य एवं उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के कई इलाकों में भी आगे बढ़ने की संभावना है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को भी गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार दिनभर गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। 6 जून को भी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
संबंधित विषय:
Published on: 05 Jun 2026 04:26 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।