लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग और भाजपा सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने एक कार्यक्रम में खुलकर कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भी धांधली हुई थी। उनके पास इस बात का सबूत भी है।
राहुल गांधी दिल्ली में वार्षिक कानूनी सम्मेलन 2025 में अपनी बात रख रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम आने वाले कुछ दिनों में आपको यह साबित कर देंगे कि कैसे लोकसभा चुनाव में धांधली हुई थी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अब मर चुका है। इसके साथ चुनावी प्रक्रिया भी पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
राहुल गांधी ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री बहुत कम बहुमत वाले पीएम हैं। अगर 15 सीटों पर धांधली नहीं हुई होती तो वे भारत के प्रधानमंत्री नहीं बने होते।
कार्यक्रम के अलावा, राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए भी भाजपा सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वोटों की चोरी हो रही है। हमारे पास इस बात के साफ सबूत हैं कि चुनाव आयोग इस वोट चोरी में शामिल है। और मैं ये बात हल्के में नहीं कह रहा, मैं 100 प्रतिशत सबूत के साथ कह रहा हूं।
गांधी ने आगे कहा कि जब हम सबूत दिखाएंगे, तो पूरे देश को पता चल जाएगा कि चुनाव आयोग वोटों की चोरी को बढ़ावा दे रहा है। और वो ये किसके लिए कर रहे हैं? वो बीजेपी के लिए कर रहे हैं।
राहुल ने कहा कि हमें वोट चोरी का पहले से शक था और हमने उसकी बारीकी से जांच भी की। चूंकि चुनाव आयोग ने जांच में कोई मदद नहीं की, इसलिए हमने खुद सबकुछ पता लगाया। इसमें छह महीने लगे और जो चीजें हमें मिलीं, वे एक 'एटम बम' हैं और जब यह एटम बम फटेगा, तो आपको देश में चुनाव आयोग नजर नहीं आएगा।
इसके साथ, राहुल ने चुनाव आयोग के अधिकारियों को चेतावनी भी दे दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग में ऊपर से नीचे तक जो भी इस धांधली में शामिल हैं, हम उन्हें बख्शेंगे नहीं। वह भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं और यह देशद्रोह से कम नहीं है। आप कहीं भी हों, चाहे आप रिटायर्ड ही क्यों न हों, हम आपको ढूंढ निकालेंगे।
Updated on:
02 Aug 2025 12:38 pm
Published on:
02 Aug 2025 12:34 pm