चण्डीगढ़ हरियाणा, Jun 04, 2026

पंचकूला में गोलीबारी (फोटो- आईएएनएस )
Panchkula: हरियाणा के पंचकूला में बुधवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहां सेक्टर-5 में एक कारोबारी पर फायरिंग की गई जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई घंटों ऑपरेशन चलाया। इसमें पुलिस, क्राइम ब्रांच और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमें शामिल रहीं। घटना के कुछ ही घंटों के अंदर ही पुलिस ने गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार हमला बुधवार आधी रात के करीब हुआ, जब नगर निगम वार्ड नंबर-1 के पार्षद के देवर और नाइट क्लब के मालिक रतन लुबाना सेक्टर-5 स्थित एक लाउंज से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर पहुंचे दो हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब आठ गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली रतन लुबाना को लगी। गोलीबारी के दौरान 7 फायर खाली भी गए। हमलावर हथियार दोबारा लोड करते समय दो कारतूस मौके पर गिराकर फरार हो गए। घटना के दौरान इलाके में अफरा तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। इस गोलीबारी में एक स्थानीय निवासी के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है।
घटना के तुरंत बाद मौके के पास मौजूद डिटेक्टिव स्टाफ के एक सदस्य ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और आरोपियों का पीछा शुरू किया। इसके बाद डिटेक्टिव स्टाफ, क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीमों ने कई स्थानों पर नाकाबंदी कर दी। मट्टावाला फ्लाइओवर, बेला विस्टा चौक और नाडा साहिब इलाके के पास आरोपियों ने पुलिस टीमों पर भी फायरिंग की। पुलिस के अनुसार पूरे घटनाक्रम के दौरान आरोपियों ने करीब 18 राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। एनकाउंटर में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस जांच में दोनों के तार गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग से जुडे बताए जा रहे हैं। जसविंदर पर पहले से हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद की हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे की असली वजह, संभावित साजिश और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
Published on: 04 Jun 2026 12:44 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।