29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, May 28, 2026

पति और ससुराल वालों ने जमकर पीटा फिर निकाला घर से बाहर, बेटे को जन्म नहीं दे पाने पर महिला को सजा

Domestic Violence News: गुरुग्राम में एक महिला ने पति और ससुराल वालों पर बेटा पैदा नहीं करने पर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Woman beaten by husband

बेटा पैदा नहीं करने पर ससुराल वालों ने महिला को पीटा (फोटो- एआई जनरेटेड)

Domestic Violence News: गुरुग्राम में घरेलू हिंसा और लैंगिक भेदभाव का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां दिल्ली के पहाडगंज की रहने वाली एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसे केवल इसलिए प्रताड़ित किया गया क्योंकि उसने बेटे को जन्म नहीं दिया। मंगलवार देर रात महिला अपनी दो छोटी बेटियों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंची और सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और बाद में उसे सुरक्षित उसके किराए के घर तक पहुंचाया। मामले को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

बेटियों के जन्म के बाद शुरू हुई प्रताड़ना

पीड़िता मानसी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 3 फरवरी 2020 को गुरुग्राम के खांडसा निवासी मोहित गुप्ता से हुई थी। दोनों की पांच और तीन साल की दो बेटियां हैं। मानसी के अनुसार बेटियों के जन्म के बाद ससुराल वालों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसे लगातार ताने दिए जाते थे और कहा जाता था कि वह बेटे को जन्म नहीं दे सकी। महिला ने आरोप लगाया कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ कई बार पीटा भी गया। हालात इतने बिगड़ गए कि उसे ससुराल का घर छोड़कर पति के साथ किराए के मकान में रहना पड़ा।

शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था पति

मानसी ने आरोप लगाया कि किराए के मकान में आने के बाद भी उसकी परेशानी खत्म नहीं हुई। उसका पति अक्सर शराब पीकर घर आता था और बिना किसी कारण उसके साथ मारपीट करता था। महिला का कहना है कि मंगलवार रात भी उसके साथ हिंसा हुई, जिसके बाद वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर घर छोड़कर पुलिस स्टेशन पहुंची। उसने पुलिस से तत्काल सुरक्षा देने की मांग की। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसके पति को लगातार उसके खिलाफ भड़काते थे और कहते थे कि केवल बेटियां पैदा करने वाली बहू को घर से निकाल देना चाहिए।

पति की दूसरी शादी कराना चाहते है घरवाले

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि ससुराल वाले उसके पति की दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहे थे। उसका दावा है कि परिवार जानबूझकर शादी के सात साल पूरे होने का इंतजार कर रहा था ताकि दहेज प्रताड़ना जैसे सख्त मामलों से बचा जा सके। मानसी ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह पहली बार पुलिस स्टेशन पहुंची तो तुरंत कार्रवाई नहीं हुई। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों को फोन करने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और देर रात मेडिकल जांच कराई गई। पुलिस का कहना है कि मामले में घरेलू हिंसा, मारपीट और धमकी देने के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पति और ससुराल वालों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें