भारत, May 26, 2026

BJP में शामिल हुए देबाशीष सामंतराय (Photo-IANS)
Debashish Samantaray Join BJP: ओडिशा से बीजू जनता दल के राज्य सभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने सोमवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद मंगलवार को उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की है। पार्टी छोड़ने से पहले उन्होंने आलाकमान पर उपेक्षा का आरोप लगाया था। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा से भी इस्तीफा दे दिया। इससे राज्य सभा में बीजद सांसदों की संख्या पांच हो गई है। बीजद के दो सांसद पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं।
BJP में शामिल होने के बाद राज्य सभा MP देबाशीष सामंतराय ने कहा कि सबसे पहले, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं। आज, उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया है और अपनी टीम में शामिल किया है ताकि मैं भारत के लिए उनके विज़न में योगदान दे सकूं। उन्होंने एक विकसित भारत बनाने का सपना देखा है, और वह उस लक्ष्य की ओर लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मैं उनके प्रोग्राम और उनकी पर्सनैलिटी से बहुत प्रभावित हुआ हूं और इसीलिए मैं आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि BJP लीडरशिप और पार्टी में मेरे सभी दोस्त मुझे सपोर्ट करते रहेंगे और मेरे साथ जुड़े रहेंगे। आगे चलकर, मैं ओडिशा में BJP के लिए बड़े पैमाने पर काम करना चाहता हूं।
बता दें कि BJD से इस्तीफा देने के बाद देबाशीष के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें शुरू हो गई थी। इसको लेकर बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने पहले ही संकेत दे दिए थे। उन्होंने कहा था कि आज सुबह एक जाना माना चेहरा 11 बजे नई दिल्ली स्थित बीजेपी के ऑफिस में पार्टी में शामिल होने जा रहा है। हालांकि इस दौरान उन्होंने सांसद का नाम नहीं बताया था।
बीजेपी का दामन थामने के बाद राज्य सभा सांसद देबाशीष सामंतराय ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
देबाशीष सामंतराय ओडिशा के एक वरिष्ठ राजनेता हैं। वे बीजू जनता दल (BJD) के सदस्य के रूप में 4 अप्रैल 2024 से 25 मई 2026 तक ओडिशा से राज्यसभा सांसद रहे।
वे तीन बार ओडिशा विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं और नवीन पटनायक के करीबी माने जाते थे। उन्होंने ओडिशा राज्य आवास बोर्ड के चेयरमैन और BJD प्रवक्ता के रूप में भी काम किया।
Updated on: 26 May 2026 12:24 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।