
रामगढ़ में दुर्घटना। (फोटो- IANS)
झारखंड के रामगढ़ जिले में बड़ी दुर्घटना हुई है। चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने आंखोदेखा हाल बताया।
हादसा चुटूपालू घाटी के ढलान पर हुआ, जहां ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित कंटेनर ने आगे चल रहे ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद कंटेनर के केबिन में आग लग गई और चालक बाहर नहीं निकल सका।
वहीं, पुलिस ने बताया कंटेनर रांची से रामगढ़ की तरफ जा रहा था। चुटूपालू घाटी उतरते समय अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया।
ढलान होने के कारण कंटेनर की रफ्तार तेज हो गई. उसने आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद शॉर्ट सर्किट या घर्षण के कारण कंटेनर में आग लग गई। चालक स्टीयरिंग और केबिन के मलबे के बीच फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका।
देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। साथ में दमकल विभाग की टीमें भी थीं, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। आग पर काबू पाने के बाद शव को बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद रांची–पटना मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घाटी में दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी है।
Updated on:
13 Feb 2026 04:26 pm
Published on:
13 Feb 2026 04:01 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
