
सिंहपुर चौराहा के पास नाले की स्थिति।
Open drains and sewers in the district, नरसिंहपुर. जिले में शहरी-ग्रामीण सडक़ों से लेकर हाइवे तक खुले पड़े नाले-नालियां नोएडा जैसी घटना का अंदेशा बढ़ा रहे हैं। इन नाले-नालियों की वजह से पहले भी जिले में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इनके आसपास सुरक्षा प्रबंध करने, इन्हें उचित तरीके से बंद करने या आसपास बाउंड्रीवाल बनाने की दिशा में आज तक कोई सार्थक जतन नहीं हो सके हैं। बारिश के दिनों में तो इन नाले-नालियों का पानी जब सडक़ पर आता है तो समझना मुश्किल हो जाता है कि नाले की चौड़ाई कहां तक है और कहां से सडक़ है। आवागमन करने वालों को मौसम कोई भी जोखिम उठाकर इनके आसपास से आना-जाना करना पड़ता है।
नरसिंहपुर नगरीय क्षेत्र में अधिकांश नालों की स्थिति खराब है। सिंहपुर चौराहा के पास खुले पड़े नाले हर दिन आवागमन के दौरान जोखिम बढ़ाते हैं। कई बार यहां वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, मवेशी गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन नाले के आसपास सुरक्षा प्रबंध नहीं हो सके हैं। नगर के किसानी वार्ड और सुभाष वार्ड को जोडऩे वाले मार्ग पर सींगरी नदी के ऊपर रिपटा पुल बना है, यह पुल काफी नीचा है, रैलिंग अस्त-व्यस्त है, कई बार यहां पुल पार करते हुए लोगों के बहने की घटनाएं हो चुकी हैं। बारिश के दिनों में बाढ़ का पानी पुल को जलमग्र कर देता है। इस पुल के आगे ही नाले का पानी नदी में एक पुलिया के सहारे आता है। पुलिया के आसपास रोड पर कोई बाउंड्री-रैलिंग नहीं है। जिससे वाहन चालकों, राहगीरों को निकलते समय जोखिम रहता है। इस नाले का पानी बारिश में आसपास बने घरों के सामने भरता है।
नरसिंहपुर-जरजोला रोड पर हो चुके कई हादसे
नरसिंहपुर-जरजोला रोड पर नाले का पानी रोड के बाजू से बहता है। नाले को पक्का करने, सुरक्षा प्रबंध करने अब तक कार्य नहीं हो सका है। यहां कई बार रोड से आते-जाते वाहन नाले में जाने की घटनाएं हो चुकी हैं। नाले का पानी बारिश में न केवल रोड का आवागमन बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी प्रभावित करता है।
हाइवे की एप्रोच रोड के पास खुली नाली
भोपाल-जबलपुर हाइवे पर राजमार्ग के समीपी ग्राम देवरी में ब्रिज के नीचे बनी एप्रोच रोड के नजदीक एनएचएआइ ने नाली बनाई है। जो काफी चौड़ी है और कई वर्षो से खुली पड़ी है, उसमें वर्षभर गंदा पानी भरा रहता है। यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बीते बारिश के मौसम में इसी नाली के कारण गांव के कई घरों में पानी भरने की स्थिति बन गई थी, लोगों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ। ग्रामीण कहते हैं कि कई बार खुली नाली में बाइक सवार, मवेशी गिरने की घटनाएं हुईं, एनएचएआइ से शिकायतें हुईं लेकिन नाली के आसपास सुरक्षा प्रबंध नहीं हुए, जबकि पास में ही स्कूल है।
वर्जन
नगरीय क्षेत्र के जितने भी नाले हैं उनको पक्का करने की योजना पर कार्य हो रहा है। कुछ जगह कार्य हो चुका है, जहां भी स्थिति जोखिम वाली है उन स्थानों को चिन्हित कराकर वहां सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे।
नीलम चौहान, सीएमओ नगरपालिका नरसिंहपुर
देवरी में कवर्ड नाली का कार्य योजना है, पहले जब कार्य हो रहा था तो लोगों ने ही उसे खुला रखने कहा था। जल्दी ही वहां सुरक्षा के लिए कार्य कराया जाएगा। कार्य को योजना में लिया गया है।
अमृतलाल साहू, प्रबंधक परियोजना क्रियान्वयन इकाइ एनएचएआइ जबलपुर
Published on:
23 Jan 2026 01:09 pm
बड़ी खबरें
View Allनरसिंहपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
