नर्मदापुरम. कांग्रेस जिलाध्यक्ष के ढाई लाख किसानों को बेचने के आरोप एवं भाजपा किसान मोर्चा के कलेक्टर को ज्ञापन देकर संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक शिवकुमार शर्मा कक्काजी पर देशद्रोह का मुकदमा चलाए जाने की मांग के बाद संयुक्त मोर्चा भी मैदान में उतर आया है। बुधवार को आज किसान जिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पराज पटेल का दोपहर 1 बजे माखननगर में पुतला जलाएंगे। मोर्चा ने एक निजी होटल में प्रेस वार्ता की। इसमें पदाधिकारियों का कहना कि अगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष व भाजपा किसान मोर्चा ने माफी नहीं मांगी तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन प्रदर्शन किया जाएगा। माखनगर में बुधवार को दोपहर 1 बजे कांग्रेस व उसके जिलाध्यक्ष के पुतला दहन का ऐलान भी किया गया है। एक सवाल के जबाव में इन पदाधिकारियों का कहना था कि किसानों की आत्महत्या कम होने के बाद बढ़ी है। प्रदेश की भाजपा सरकार सिर्फ घोषणाएं ही करती है। इसका लाभ किसानों को नहीं मिलता है। कांग्रेस भी अगर किसानों की उपेक्षा करेगी तो उसका भी डटकर विरोध किया जाएगा। प्रेस वार्ता को संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री रविदत्त सिंह, राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सोमनाथ तिवारी, प्रदेश मंत्री रामकांत मीना, भारतीय किसान यूनियन के भोपाल संभाग अध्यक्ष ठाकुर वीरेंद्र राजपूत, रायसेन जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा, भूपेंद्र सिंह तोमर, विनोद चौरसिया, जिलाध्यक्ष शिवराज राजौरिया ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।
..........
लांछन का डटकर देंगे जबाव
राष्ट्रीय महामंत्री रविदत्त सिंह ने कहा कि हमारे किसी भी पदाधिकारी-सदस्य के खिलाफ झूठा लांछन लगाया गया तो प्रदेश-देश में आंदोलन छेड़ा जाएगा। संयुक्त मोर्चा बर्दाश्त नहीं करेगा। जो भी उचित कार्रवाई होगी वह करेंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल एक जिम्मेदार पद पर हैं, उन्हें 2010 के भोपाल के टै्रक्टर आंदोलन जिसमें ढाई लाख किसान शामिल हुए थे, के संयोजक राष्ट्रीय कक्काजी पर किसानों को बेच देने की टिप्पणी करना आत्मघाती कदम है। उनके इसस कृत्य से कांग्रेस को भारी नुकसान होगा। इस घटना से प्रदेश के किसानों में भारी आक्रोश है। कक्काजी ने सौ एकड़ नहीं अपनी पुस्तैनी जमीन को बेचकर एक नंबर में बल्कि 25 एकड़ जमीन ली है। कक्काजी इनकम टैक्स भरते हैं। वे व उनकी पत्नी भी सर्विस में रहे हैं।
किसानों की आत्महत्याएं बढ़ी है
संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि नर्मदापुरम जिले सहित प्रदेश व देश में किसानों की आत्महत्याएं बढ़ी है। इसे रोकने के लिए दोनों ही सरकारों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए। जब पूछा गया कि आत्महत्या की संख्या कितनी है, तो पदाधिकारी नहीं बता पाए। मृतक किसानों के परिवारों को क्या मदद दिलाई के बारे में बोले-जो 5 लाख का प्रावधान है उसे दिलवाने का प्रयास किया जाता है। लेकिन किसानों की आत्महत्या के मामले को पारिवारिक विवाद बताकर मौत के कारण को ही बदल दिया जाता है।,जिससे वास्तविकता सामने नहीं आ पाती है।
महंगाई से परेशान, फसल का दाम नहीं मिलता है
उपज का लागत के आधार पर मूल्य नहीं मिल रहा है। एसएमपी को कानून बनाया जाकर लागू किया जाना चाहिए। किसानों को वोटरों के रूप ही राजनैतिक दल उपयोग करते हैं। चाहे वह भाजपा हो या कांग्रेस या अन्य कोई दल जो किसानों के हित में कार्य नहीं करेगा उसका विरोध किया जाएगा। पिछले आंदोलन में लिए गए 5 निर्णयों पर अब तक केंद्र सरकार ने कोई निर्णय लिया है। 2024 में फिर से राष्ट्रीय स्तर पर इससे भी बड़ा आंदोलन होगा।
ये कहा था कांग्रेस जिलाध्यक्ष
पुष्पराज सिंह पटेल ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि ढाई लाख किसानों को आखिर में कितने में बेचा और कौन सी मांग जो आपकी मांग ली गई। कितने में बेचा और क्यों बेचा। सौ एकड़ जमीन खरीद ली इसके लिए पैसे कहां आए। हम और आप वर्षों से खेती कर रहे, बाजू के खेत में दो एकड़ जमीन नहीं रख सकते। किसानों की राजनीतिक कर रहे हैं,ऐसे लोग बाहर से आए हैं। इन पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
भाजपा किसान मोर्चा संयोजक बोले-
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक दर्शन सिंह चौधरी का कहना था कि मोर्चा या उन्होंने कक्काजी के खिलाफ कलेक्टर को ऐसा कोई ज्ञापन नहीं दिया है और न ही मांग की है कि उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए। मैं तो अभी विदिशा में जन आशीर्वाद यात्रा में हूं। मैं जानकारी लेता हूं।
11 राज्यों में दर्ज कराए मानहानि के मुकदमे
राष्ट्रीय महामंत्री रविदत्त सिंह ने बताया कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुष्पराज पटेल के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा ने अब तक 11 राज्यों में उनके खिलाफ मानहानि के मुकदमे दर्ज कराए हैं। इनमें श्रीनगर, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उड़ीसा, कर्नाटक सहित मप्र के रीवा शामिल है। अभी मप्र में नर्मदापुरम सहित अन्य जिलों में भी ये मुकदमे दर्ज करवाए जाएंगे।
इनका है...
कक्काजी से माफी मांगता हूं...
वीडियो 3-4 माह पुराना है। अब इस पर क्यों पूछा जा रहा। तभी पूछना था। 2012-13 के किसान आंदोलन के सवाल के जबाव आज भी नहीं मिले। मैं किसी पर व्यक्तिगत हमला नहीं करता। अगर कक्काजी को मेरे कहने से अगर ठेस पहुंची है तो इसके उनसे माफी मांगता हूं। किसानों के हित और भाजपा के खिलाफ संघर्ष में हमारी पार्टी एवं उनका संगठन दोनों साथ हैं।
-पुष्पराज सिंह पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष
......................
Published on:
20 Sept 2023 11:42 am