
सीएम की सुरक्षा में चूक, सामने ही उड़ रहा था काला ड्रोन, उडऩखटोला हुआ खराब,,सीएम की सुरक्षा में चूक, सामने ही उड़ रहा था काला ड्रोन, उडऩखटोला हुआ खराब,
narmdapuram
सीएम की सुरक्षा में फिर चूक हुई। जब वे मंच से भाषण दे रहे थे तब सीएम को कवरेज करने के लिए उनके सामने दो ड्रोन उड़ रहे थे। एक सफेद रंग का ड्रोन विभागीय था, लेकिन दूसरा काले रंग का ड्रोन किसका था पता नहीं चला। पुलिस प्रशासन के हरकत में आने के बाद वो ड्रोन मौके से गायब हो गया था। उनका उडऩखटोला भी बनखेड़ी में खराब हो गया। इस वजह से उन्हें सड़क रास्ते से कार से गड्ढों वाली सड़क से दचके खाते हुए अगले कार्यक्रम सिवनीमालवा जाना पड़ा। रैंप में चलकर मुख्यमंत्री ने लगभग 40 मिनिट भाषण दिया और मीडिया से बात किए बिना ही चले गए। पत्रकार उनसे कई सवाल पूछ रहे थे। विस चुनाव के पहले सीएम शिवराज का ये दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व के पार्टी सर्वे में पिपरिया एवं सिवनीमालवा सीट पर भाजपा विधायकों की स्थिति ठीक नहीं होने का फीडबैक मिला था। जिले की चार विस सीट में से मुख्यमंत्री ने उक्त दोनों विस क्षेत्र को चुना और विकास की झड़ी लगाकर असंतोष को दूर करने की कोशिश की है। उन्होंने पिपरिया के बनखेड़ी में दूधी सिंचाई परियोजना की घोषणा कर इसके निर्माण का भूमिपूजन किया। रोड शो में भाजपा ने ताकत दिखाई। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनसमुदाय शामिल रहा। इसके साथ ही गोविंद नगर में भाऊसाहब भुस्कुटे स्मृति लोक न्यास गोविंद नगर में मुख्यमंत्री चौहान ने शरद स्मृति छात्रावास के प्रथम तल भवन का लोकार्पण किया। बच्चों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। 1. 98 करोड़ की लागत से प्रथम तक का निर्माण हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र में 1 करोड़ से निर्मित प्रदत्त जैव कीट नियंत्रण उत्पादन इकाई भवन का लोकार्पण तथा 55 लाख से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनांतर्गत मशरूम, स्पॉन, खाद उत्पादन एवं प्रशिक्षण इकाई का भूमिपूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने बांस एवं मिट्टी से बने खिलोने-वस्तुएं, कृषि उत्पाद व शिशु वाटिका भी देखी।
भाषण के मुख्य बिंदू
-लाड़ली बहनों को आने वाले समय में 3 हजार रुपए माह दिए जाएंगे।
-बहनों के लिए खेती, दुकान, मकान की रजिस्ट्री में एक प्रतिशत की छूट। -स्व सहायता समूह से महिलाओं को और मजबूत किया जाएगा।
-अब छात्रों के लिए साईकिल की राशि भी अंतरित की जाएगी। -स्कूल में पहले नंबर पर आने वाली छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी।
कार्यक्रम की मुख्य झलकियां...
-मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी को गोद में लेकर और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। -मंच पर आते ही चौहान ने दीप प्रज्वलित कर कन्याओं का पूजन किया, उन पर फूल बरसाए।
-रोड शो में रथ पर सवार थे मुख्यमंत्री, आगे बैंडबाजे के साथ युवा नाचते हुए चल रहे थे। -लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को राखी बांध कर आशीर्वाद दिया।
कांग्रेसियों को लिया हिरासत में
जिले में मुख्यमंत्री चौहान के आगमन पर कांग्रेसियों ने उनका विरोध किया। काले झंडे दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने इसे विफल कर दिया। यह विरोध पटवारी भर्ती घोटाला, महिलाओं-आदिवासियों पर अत्याचार, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं को लेकर किया गया था। बनखेड़ी में कांग्रेस नेता आदित्य पलिया, आनंद पलिया, दिलीप साहू, संजू शुक्ला, नीलेश व्यास अरविन्द पांडे आदि ने काले झंडे दिखाने की कोशिश की। इन्हें हिरासत में लिया गया। इधर कार्यकारी जिलाध्यक्ष शिवराज चंद्रोल, अर्जुन पलिया, आनंद पलिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, मीना वर्मा, बबलू राठौर, भूपेश थापक, बलवीर चौहान, सत्यम तिवारी आदि ने एवं सिवनीमालवा में युवा नेता समीर शर्मा के नेतृत्व में मुकेश पटेल, स्वदेश शर्मा, सावन यादव, अभिषेक यादव, देवेंद्र कुचबंदिया, तरूण ठाकुर, विकास यादव, राजा पटेल, संतोष बकोरिया, अलीम शाह, जहीर बैग, राहुल यादव, अंशुल, आशीष दामड़े आदि ने नारेबाजी कर गिरफ्तारियां दीं। जिलाध्यक्ष पुष्पराज को घर पर ही नजरबंद किया।
जिपं अध्यक्ष ने कहा
आदिवासी महिलाओं से भेदभाव सिवनी मालवा में हुए विकास पर्व कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में अतिथि के रूप में नाम नहीं गोने पर जिला पंचायत अध्यक्ष राधा सुधीर पटेल ने आपत्ति जताई। कहना था कि आदिवासी महिलाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा। उनके अलावा जनपद अध्यक्ष का भी नाम नहीं है। ये आमंत्रण पत्र जिला प्रशासन ने छपवाया था। अधिकारियों का कहना था कि प्रोटोकॉल के हिसाब से ही कार्ड पर मुख्य, विशिष्ट अतिथि विधायकों के नाम छपे हैं। आमंत्रण भी भेजा गया।
कांग्रेसी बोले-
-एक आदिवासी जिला पंचायत अध्यक्ष जिनको राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त है, उन्हें सरकारी कार्यक्रमों में उचित सम्मान नहीं देना दर्शाता है कि महिला और आदिवासियों के प्रति भाजपा और मुख्यमंत्री की क्या सोच है। कांग्रेसियों को इस तरह बर्बरतापूर्ण गिरफ्तार करना, नजरबंद करना अंग्रेजी हुकूमत की तानाशाही है। कांग्रेस इसकी घोर निंदा करती है।
-पुष्पराज पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष
Published on:
25 Jul 2023 10:02 pm
बड़ी खबरें
View Allनर्मदापुरम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग

